हल्द्वानी: बीए की छात्रा से दुष्कर्म, कॉलेज में पढ़ने वाले 4 छात्रों की काली करतूत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक युवती से उसी के कॉलेज में पढ़ने वाले चार छात्रों ने दुष्कर्म किया। पहले एक युवक ने दोस्ती गांठी, उसके साथ शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो बना लिया। फिर आरोपी के दोस्तों ने उस वीडियो के जरिये उसे ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। इस काम में आरोपी का साथ एक युवती ने दिया। पीड़िता की बड़ी बहन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। 

पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि उसकी छोटी बहन हल्द्वानी में बुआ के घर रहकर स्नातक द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही है। अगस्त 2023 में छात्रा का दोस्त नीरज आर्या उसे बातों में उलझाकर नवाबी रोड स्थित किराये के कमरे में ले गया। यहां उससे दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाई।

नीरज ने यह वीडियो अपने भाई चंदू आर्या और दोस्त भुवन आर्या को दिखाई। वीडियो देखने के बाद वायरल करने की धमकी देकर चंदू, भुवन और उनके साथी रोशन ने भी छात्रा से दुष्कर्म किया। आरोपी पीड़िता को अपनी परिचित महिला सीमा के घर ले गए थे, जहां पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

पीड़िता मानसिक तनाव में आ गई। पहले तो वह किसी को कुछ नहीं बता सकी, लेकिन फिर पूरी बात अपनी बड़ी बहन को बताई। शुक्रवार को पीड़िता की बहन ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपी युवक के साथ उनका साथ देने वाली लड़की के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 328, 342, 323 व 506 में मुकदमा दर्ज कर लिया। 

मामले में पीड़िता की बहन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
 -उमेश कुमार मलिक, कोतवाल

संबंधित समाचार