काशीपुर: फर्जी बैंकिंग कंपनी के नाम पर छह करोड़ रुपए लेकर फरार हुआ युवक
काशीपुर, अमृत विचार। काशीपुर के खड़कपुर में फर्जी बैंकिंग कंपनी के नाम पर एक युवक के छह करोड़ रुपए की ठगी कर फरार होने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी बीते कई सालों से लोगों को तीन साल में रकम को दोगुनी करने व अधिक ब्याज देने का झांसा देकर जाल में फसाने का काम कर रहा था। जिसको लेकर पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी को पकड़ने व रकम वापस दिलाने की मांग की है। वहीं मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रविवार को काशीपुर के लाहोरियान निवासी गौरव मेहरोत्रा व अन्य पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को संयुक्त रूप से तहरीर दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि काशीपुर के खड़कपुर देवीपुरा निवासी एक युवक ने लोगों को बताया कि वह एक बैंकिंग कंपनी से जुड़ा हुआ है, और उसका खुद का बैंक है। बताया कि बैंक भारतीय रिजर्व बैंक से मान्यता प्राप्त है। बताया कि केन्द्र सरकार से उसके बैंक को विशेष छूट प्राप्त है।
आरोप लगाया कि आरोपी ने जमा रकम को तीन वर्ष में दोगुनी करने का वादा किया था। साथ ही चक्रवर्ती ब्याज दिलाने का भी वादा किया था। पीड़ितों ने बताया कि आरोपी के झांसे में आकर लोगों ने रुपए जमा करने शुरू कर दिए। बताया कि कई सालों से लोग आरोपी के कहने पर रुपए जमा करते आ रहे हैं।
आरोप लगाया कि बीते दिन शक होने के बाद पीड़ितों ने जब आरोपी से रकम वापस करने को बोला तो आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया। कहा कि आरोपी घर से भी फरार हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी अब तक 15 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर चुका है। एसएसआई सतीश शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
