बहराइचः 34.30 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा गया तस्कर, पेट्रोलिंग के दौरान हुआ गिरफ्तार
18 लाख रूपये बताई जा रही स्मैक की कीमत
रूपईडीहा/बहराइच, अमृत विचार। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस के जवानों ने संयुक्त पेट्रोलिंग के दौरान एक स्मैक तस्कर को पकड़ा गया। उसके पास से 34.30 ग्राम स्मैक बरामद हुआ है। जिसे सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला और एसएसबी कमांडेंट गंगा सिंह उदावत के निर्देशन में पुलिस और एसएसबी के जवान सीमा पर संयुक्त पेट्रोलिंग कर रहे थे। थाने के प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि उप निरीक्षक संतोष कुमार यादव, उप निरीक्षक विजय कुमार और एसएसबी के जवान रविवार रात नौ बजे नेपाल बार्डर रेलवे लाइन सागौन बाग के पास से पेट्रोलिंग करते हुए आ रहे थे। तभी उन्हें एक व्यक्ति आता हुआ दिखा। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुआ। जिस पर उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मोहम्मद युनूस पुत्र रजा अली निवासी मुनीरगंज थाना रुपईडीहा बताया। तस्कर के विरुद्ध थाने में केस दर्ज किया गया। अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि बरामद स्मैक को सीज कर दिया गया है। कमाडेंट ने बताया कि स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 18 लाख रूपये है। टीम में सिपाही निरुपम दुबे, जयचन्द गौंड और एसएसबी के इन्सपेक्टर कुमार ऋतुराज, दिनेश कुमार, विश्वजीत कुमार, सुरेश कुमार मय डाग टीम के शामिल रहे।
यह भी पढ़ेःछात्र की गर्दन में घोंपा सरिया, इंजीनियरिंग कॉलेज के पास खून से सनी मिली लाश
