रामनगर: पिछले 12 सालों से लक्खू नचा रहा था वन विभाग को नाच...आज था उसका दिन खराब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। 12 साल से फरार चल रहे एक कुख्यात लकड़ी तस्कर आखिर धर लिया गया। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि मूल रूप उत्तर प्रदेश के पीलीभीत क्षेत्र का रहने वाला लखबीर सिंह उर्फ लक्खू जो कि वर्तमान में दाबका के समीप ग्राम गोबरा बाजपुर जिला उधमसिंनगर में रहता है, करीब 12 साल से फरार चल रहा था। 

जब भी कर्मचारियों द्वारा इसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया तो वह हर बार कर्मचारियों को चकमा देकर फरार हो जाता था। उन्होंने बताया कि इस तस्कर के खिलाफ 20 से अधिक वन अपराध दर्ज हैं। जंगलों में लकड़ी की अवैध कटान के अधिकांश मामलों में इसकी भूमिका रहती है। 

सोमवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर इस तस्कर को गिरफ्तार करने पहुंची टीम को एक बार फिर इसने चकमा दे दिया और पास में स्थित खेतों में दौड़ लगा दी, इस पर वन कर्मियों ने भी साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और गिरफ्तार कर लिया। बताया कि अभियोग दर्ज कर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार