कासगंज : इंस्टाग्राम पर भड़काऊ रील बनाना युवक को पड़ा महंगा
बजरंग दल और वीएचपी की शिकायत पर युवक को पुलिस ने पकड़ा
अमांपुर, अमृत विचार। थाना अमांपुर के गांव अर्जुनपुर में एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से अमर्यादित भड़काऊ वीडियो रील शेयर किया। जब यह पोस्ट बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं तक पहुंचा तो उनमें आक्रोश फैल गया। मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
दरअसल गांव अर्जुनपुर निवासी इलियास ने अपने इंस्टग्राम एकाउंट से एक वीडियो वायरल कर दी, जो बेहद आपत्तिजनक थी। इस वीडियो को लेकर बजरंग दल व विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना था कि सावन के पवित्र माह और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर इस तरह की पोस्ट हिंदूओं व राष्ट्रीय भावना को आहत कर रही है। मामला थाना अमांपुर पुलिस के संज्ञान लाया गया। वीडियो को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल युवक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष चंचल सिरोही ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। उसके बाद उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक वीडियो को शेयर एवं पोस्ट न करें।
यह भी पढ़ें- कासगंज : मंडराया यूनिट कटने का खतरा तो राशन पाने को कर रहे घर वापसी
