कासगंज: राशन डीलर ने 10 वर्षीय बालिका के साथ किया घिनौनी हरकत, जान से मारने की दी धमकी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मामले में पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध पटियाली पुलिस को दी तहरीर 

कासगंज, अमृत विचार: कोतवाली पटियाली के गांव के डीलर ने 10 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ घिनौनी हरकत की। नाना जब शिकायत लेकर डीलर के पुत्र के पास गए तो पुत्र ने लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़ित ने आरोपी पिता-पुत्र के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। 

घटना बीती चार अगस्त की है। जिला फर्रुखबाद के गांव की किशोरी थाना पटियाली के गांव में अपनी ननिहाल आयी हुई थी। दोपहर लगभग एक बजे जब वह गांव के मंदिर के पास खेल रही थी आरोप है कि तभी गांव का डीलर उसे गेहूं, चावल का प्रलोभन देकर घर पर ले गया। जहां डीलर ने किशोरी के साथ घिनौनी हरकत की। किसी भी तरह डीलर के चंगुल से छूटकर घर पहुंची किशोरी ने नाना और नानी को आप बीती बताई।

नाना शिकायत लेकर डीलर के पुत्र के पास गए तो पुत्र ने नाना को लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। नाना धेवती को लेकर कोतवाली पटियाली पहुंचे और घटना से संबंधित तहरीर पुलिस को देकर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है। 

मामला संज्ञान में आते ही तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा - गोविंद बल्लभ शर्मा, इंस्पेक्टर पटियाली

ये भी पढ़ें- कासगंज : इंस्टाग्राम पर भड़काऊ रील बनाना युवक को पड़ा महंगा

संबंधित समाचार