सपा सरकार से ज्यादा भाजपा राज में बढ़ा अपराध: माता प्रसाद पाण्डेय
नेता प्रतिपक्ष बोले बैंक से कर्जा लेकर बेहतर दिखा रहे जीडीपी
बहराइच/कैसरगंज, अमृत विचार। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे बुधवार दोपहर में पीडब्लूडी डाक बंगला पहुंचे। उन्होंने वार्ता करते हुए कहा कि सपा सरकार से ज्यादा अपराध भाजपा सरकार में बढ़ें हैं। इसका जवाब विधान सभा में सरकार आंकड़ों के साथ नहीं दे पा रही है।
विपक्ष के नेता सदन माता प्रसाद पांडे बुधवार शाम चार बजे के आसपास जिला मुख्यालय पहुंचे। उनका सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव, विधायक आनंद कुमार यादव समेत अन्य कार्यकर्ताओं से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन में स्थित पीडब्ल्यूडी विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता की। अयोध्या मामले पर उन्होंने बोलते हुए कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने डीएनए जांच की बात रख दी है। प्रदेश में बढ़ रहे अपराध के मामले में बोलते हुए माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि जितने अपराध सपा सरकार में नहीं हुए, उससे ज्यादा भाजपा राज में हो रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके आंकड़े देकर सदन में जवाब मांगा गया तो सरकार नहीं दे पाई। प्रदेश के विकास के बारे में बोलते हुए कहा कि बैंक से उधार लेकर जीडीपी में वृद्धि दिखाई जा रही है। जैसे ग्रामीण बैंक से उधार लेकर वाहन खरीदे और अपने को बड़ा आदमी बता दे। उन्होंने रूपईडीहा थाना क्षेत्र में मामा के घर रही शीबा हत्या मामले में पुलिस के द्वारा शव न दिए जाने के मामले में आवाज उठाने की बात कही। लखनऊ जाते समय कैसरगंज कस्बे में सपाइयों ने स्वागत किया। इस दौरान पूर्व विधायक शब्बीर अहमद वाल्मीकि, जफर उल्ला खां, अब्दुल मन्नान, अर्जुन गुप्ता, शैलेश सिंह शैलू, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश मिश्रा, अब्दुल कादिर, विनोद कुमार सिंह विसेन, पवन यादव, कृष्ण कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- लोहिया संस्थान: डॉक्टरों ने कर ली मरीज में बॉम्बे ब्लड ग्रुप की पहचान, बच गई गर्भवती महिला और उसके बच्चे की जान
