छात्र की करतूत : इंस्टाग्राम पर स्कूल की फर्जी आईडी बना महिला और पुरुष शिक्षकों को बदनाम करने की कोशिश
झूंसी, प्रयागराज/ अमृत विचार: थाना क्षेत्र के पटेलनगर गांव स्थित एमआरएस स्कूल एंड कॉलेज का कोई छात्र सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर फर्जी आईडी बनाकर स्कूल के शिक्षकों के साथ ही शिक्षिकाओं को बदनाम कर रहा है। इंस्टाग्राम पर शिक्षिकाओं के साथ पुरूष शिक्षकों की वीडियो एआई तकनीक से बनाने के बाद अश्लील गानों के साथ अपलोड किया गया है।
इसके साथ ही स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य की फोटो भी वीडियो के साथ अपलोड कर की गई है। मामले की शिकायत स्कूल प्रबंधन ने प्रयागराज के साइबर सेल के साथ ही झूंसी पुलिस से भी की है। हालांकि अब तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की जा सकी है। उधर, अज्ञात छात्र की हरकत से महिला शिक्षक बदनामी के डर से बुरी तरह परेशान हैं।
थाना क्षेत्र के पटेलनगर इलाके में सीबीएसई बोर्ड से संचालित एमआरएस स्कूल एंड कॉलेज है। स्कूल की प्रधानाचार्य चित्रा बत्रा ने बताया कि तकरीबन 20 दिन पहले पता चला कि किसी अज्ञात छात्र ने सोशल मीडिया साइड इंस्ट्राग्राम पर एमआरएस रोस्टर, एमआरएस ब्राइट स्टुडेंट्स के नाम से साइड बना रखी है। उस साइड पर छात्र ने सैकड़ों वीडियो अपलोड कर रखे हैं। एआई तकनीक से तैयार किए वीडियो में स्कूल की शिक्षिकाओं और शिक्षकों को एक साथ जोड़ा गया है। शिक्षिकाओं और शिक्षकों की वीडियो अश्लील गानों के साथ अपलोड किए गए हैं। अज्ञात छात्र ने इंस्टाग्राम की इस साइड पर स्कूल के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के भी कई फर्जी वीडियो बनाकर अपलोड किए हैं।
साथ ही क्यूआर कोड अपलोड कर पैसा भी मांगा जा रहा है। इस बात की जानकारी 25 जुलाई को स्कूल प्रबंधन को हुई तो सन्न रह गए। स्कूल की शिक्षिकाएं बुरी तरह सहम गईं। आनन-फानन में मामले की लिखित शिकायत स्कूल की प्रधानाचार्य चित्रा बत्रा की ओर से साइबर सेल के एसपी को गई। कुछ रोज बाद झूंसी पुलिस से भी लिखित शिकायत की गई। हालांकि अब तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है। एसओ झूंसी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें अब तक इस बात की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी
यह भी पढ़ें- लोहिया संस्थान: डॉक्टरों ने कर ली मरीज में बॉम्बे ब्लड ग्रुप की पहचान, बच गई गर्भवती महिला और उसके बच्चे की जान
