प्रतापगढ़: कांटे की टक्कर में दो मतों से प्रधान निर्वाचित हुईं रोशनी, समर्थकों में खुशी का लहर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोडर खुर्द से इंद्रावती व सराय गोपाल से रागिनी चुनीं गईं प्रधान

बाबागंज/प्रतापगढ़,अमृत विचार। विकासखण्ड बाबागंज में हुए पंचायत उपचुनाव का परिणाम गुरुवार को घोषित किया गया। मालाधर छत्ता में दिलचस्प और करीबी मुकाबला देखने को मिला। यहां से रोशनी दो मतों से ग्राम प्रधान निर्वाचित हुईं। बाबागंज ब्लाक में उपचुनाव की मतगणना अपने अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से शुरू हुई। 

पहला परिणाम कोडर खुर्द का आया जहां पर प्रधान रहे स्व. वीरेंद्र मिश्रा के बेटे सुधीर मिश्रा को 58 वोट से हराकर इंद्रावती पत्नी लल्लन पटेल पूर्व प्रधान विजय घोषित हुई। इन्द्रवती को 419 वोट और सुधीर को 361 मत मिले। इसके बाद सराय गोपाल से प्रधान रहीं आशा सिंह के बेटे हर्षित सिंह धीरू को 326  वोट से शिकस्त देकर पूर्व प्रधान रागिनी सिंह पत्नी धीरेंद्र बहादुर  सिंह विजयी घोषित हुई। यहां रागिनी सिंह 752,हर्षित उर्फ धीरु 526 मत मिले। 

मालाधर छत्ता में कड़े मुकाबले में प्रधान रहीं स्व.सुदामा देवी की सास पियारा देवी को हराकर रोशनी पत्नी जितेंद्र  कुमार दो वोटो से विजयी घोषित हुईं। पियारा देवी 704 और रोशनी को 706 मत मिले। इस दौरान सुरक्षा को लेकर सीओ सदर अमरनाथ गुप्ता के साथ प्रभारी निरीक्षक संग्रामगढ़ सत्येंद्र सिंह भदोरिया, प्रभारी निरीक्षक महेशगंज श्रवण कुमार सिंह सहित पुलिस फोर्स तैनात रही। विजयी प्रत्याशियों को आरओ शैलेंद्र कोटार्य, बीडीओ दयाराम पाण्डेय ने जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।

तरौल से सुशीला,वैशपुर में उर्मिला ग्राम प्रधान निर्वाचित

मानधाता प्रतापगढ़ अमृत विचार : मानधाता ब्लॉक में हुए पंचायत उप चुनाव का परिणाम गुरुवार को घोषित हुआ। तरौल में सुशीला देवी पत्नी कमलेश यादव  एवं वैशपुर से पूर्व प्रधान स्व. ओम प्रकाश यादव की पत्नी उर्मिला देवी निर्वाचित हुई। तरौल ग्रामसभा में सुशीला देवी पत्नी कमलेश 660 मत प्राप्त कर विजय प्राप्त किया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी उर्मिला देवी पत्नी राजकुमार को 249 मतों से शिकस्त दी। पंचवर्षीय चुनाव में सुशीला देवी 94 मतो से हराकर माधुरी देवी प्रधान बनी थी। वहीं उपचुनाव में 249 वोटों  से दूसरी बार सुशीला देवी प्रधान बनीं। 

इनके पति कमलेश कुमार भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं। वैशपुर में उर्मिला देवी पत्नी स्व.ओम प्रकाश यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी संतोष जायसवाल को  278 मतों से शिकस्त दिया।  आरओ लाल मणि पांडेय, खंड विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने निर्वाचित होने के बाद प्रमाणपत्र दिया। इस दौरान एडीओ प्रभारी काशीनाथ वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी दुर्गेश कुमार सिंह,सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी,एसओ मानधाता सुभाष यादव, धनंजय राय समेत भारी पुलिस बल मुस्तैद रहा।

जगन्नाथपुर से शांति व राजेश इटौरी के ग्राम प्रधान निर्वाचित

लालगंज, प्रतापगढ़ अमृत विचार :  विकासखण्ड लालगंज के जगन्नाथपुर ग्राम पंचायत में प्रधान पद के हुए उपचुनाव में शांति देवी 669 वोट पाकर प्रधान निर्वाचित हुई। उन्होनें अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रर्मिला यादव को 222 मतों से पराजित किया।  वहीं क्षेत्र पंचायत के सदस्य के पद पर अमावां से धीरेन्द्र कुमार पाण्डेय का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। 

लक्ष्मणपुर ब्लाक अन्तर्गत इटौरी ग्राम पंचायत में 407 मत पाकर राजेश कुमार सिंह ने प्रतिद्वंदी सत्येन्द्र कुमार मिश्र को 10 मतों से शिकस्त दी। सत्येन्द्र कुमार मिश्र को कुल 397 मत मिले। वहीं इसी ब्लाक के सगरा सुंदरपुर ग्राम पंचायत के वार्ड पन्द्रह से पंचायत सदस्य के चुनाव में जाकिर अली को 110 मत से विजयी घोषित किया गया। लालगंज के आरओ अशोक कुमार व लक्ष्मणपुर के अनूप कुमार ने निर्वाचित प्रधानों, बीडीसी व पंचायत सदस्य को प्रमाण पत्र प्रदान किया।

ये भी पढे़ं : Paris Olympics 2024 : विनेश फोगाट आप योद्धा की सच्ची भावना का प्रतीक हैं, अभिनव बिंद्रा ने की पहलवान की सराहना

संबंधित समाचार