अयोध्या: नौनिहालों से स्कूल में कराया गया दवा का छिड़काव, बाल अधिकार कानून की उड़ी धज्जियां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिल्कीपुर/अयोध्या, अमृत विचार। परिषदीय विद्यालय में पढ़ाई करने गए बच्चों से जहरीली दवाओं का छिड़काव कराया गया। जबकि स्कूल की साफ-सफाई का काम सफाई कर्मी के जिम्मे होता है। बच्चों द्वारा दवा का छिड़काव करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अयोध्या जिले के एक परिषदीय विद्यालय में बच्चों द्वारा दवा का छिड़काव करवाकर बाल अधिकार कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

जिले के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में पढ़ने गए छात्रों से स्कूल में घास फूस सुखाने के लिए दवाई का छिड़काव कराया जा रहा है। बच्चों द्वारा दवाई का छिड़काव करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो मिल्कीपुर ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय बूढ़नपुर का बताया जाता है।

बच्चों से साफ-सफाई के उद्देश्य से दवा का छिड़काव कराने का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी। बच्चों के मुंह में ना तो मास्क लगा है और ना ही हाथों में दस्ताना पहने हुए हैं। ऐसी स्थिति में बच्चे बीमार हो सकते थे। बाल अधिकार कानून को ताक पर रखकर स्कूल के बच्चों से घास फूस सफाई कराने के उद्देश्य से दवा छिड़काव का वीडियो अब स्कूल की प्रिंसिपल के गले की फांस बन गया है। 

प्रधानाचार्य बोलीं- बच्चों ने उत्साह में किया छिड़काव 
मिल्कीपुर ब्लॉक क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय बूढ़नपुर की प्रधानाध्यापिका ममता जायसवाल ने बताया कि स्कूल परिसर में घासफूस ज्यादा बढ़ गई थी। दवा का छिड़काव कराने के लिए दवा छिड़कने वाली मशीन की टंकी में दवा भरवाकर रखी गई थी। छिड़काव कराने के लिए मजदूर को बुलाया गया था। इंटरवल के समय बच्चे उत्सुकता वश मशीन उठाकर खुद छिड़काव करने लगे। इसी समय किसी ने वीडियो बना लिया।

खण्ड शिक्षा अधिकारी बोले- होगी कार्रवाई
इस मामले में जब मिल्कीपुर के खण्ड शिक्षा अधिकारी अमित त्रिपाठी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मुझे इस प्रकरण की जानकारी नहीं है। अभी मैं नया आया हूं। बच्चों से दवा का छिड़काव कराया जाना ठीक नहीं है। मामले की जांच पड़ताल करवा कर जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- अयोध्या: दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने बारीकी से देखा विकास का सच, मरीजों से बात कर ली सुविधाओं की जानकारी

संबंधित समाचार