काकोरी ट्रेन एक्शन : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शहीदों को दी श्रृद्धांजलि
प्रयागराज, अमृत विचार : ‘‘चंदन है इस देश की माटी, तपोभूमि हर ग्राम है, हर बाला देवी की प्रतिमा और बच्चा-बच्चा राम है। आज के ही दिन हमारे महान क्रांतिकारियों ने हमारे देश को अंग्रेजों की पराधीनता से मुक्त कराने के लिए काकोरी रेलवे स्टेशन पर अपने जीवन को दांव पर लगा दिया था। लुटेरे अंग्रेजो के द्वारा ट्रेन में ले जा रहे खजाने को लूट लिया था। जिससे आजादी के आंदोलन को बल मिला था, मैं ऐसे वीर बलिदानियों व महापुरूषों को नमन करता हूं। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उक्त बातें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को चंद्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कहीं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा एक इसी पार्क में अमर बलिदानी चन्द्रशेखर आजाद ने भी अंग्रेजों से अपनी आखिरी सांस तक लड़ा था, लेकिन उनके सामने घुटने नही टेके। उप मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित किया और उन्हे नमन किया। यह बलिदान स्थली है। उन्होंने काकोरी ट्रेन एक्शन में क्रांतिकारियों के योगदान को बताने वाली दुर्लभ अभिलेख प्रदर्शनी व स्वतंत्रता आंदोलन से सम्बंधित पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।इसके अलावा राष्ट्रीय पर्व एवं राष्ट्र के लिए बलिदान देने वालो की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में सभी से एकजुट होकर सम्मिलित होने का आह्वाहन भी किया।
काकोरी ट्रेन एक्शन 100वीं वर्षगांठ के शताब्दी समारोह के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन क्षेत्रीय अभिलेखागार (संस्कृति विभाग) एवं जिला प्रशासन द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शताब्दी वर्ष समारोह का शुभारम्भ किया गया। उपमुख्यमंत्री ने शहीद अमृत वाटिका अन्तर्गत वृक्षारोपण भी किया। शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर लखनऊ में आयोजित माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर हमें आजादी देने वाले भारत माता के वीर-सपूत शहीद हुए, वह माटी हमारे लिए चंदन के समान है और उसे हम अपने माथे पर लगाते हुए सादर प्रणाम करते है।
प्रयागराज आजादी के आंदोलन का केन्द्र था। इस धरती पर आजादी एवं स्वतंत्रता आंदोलन के बड़े-बड़े निर्णय हुए है। उन्होंने कहा कि आजाद हिंद फौज की स्थापना करने वाले नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, महान क्रांतिकारियों के मुकदमों को लड़ने वाले पण्डित मदन मोहन मालवीय जी, आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर जी, शहीद रोशन सिंह की प्रतिमा को हम प्रयागराज की धरती पर देखते है। उपमुख्यमंत्री ने स्वरूपरानी मेडिकल कॉलेज परिसर में विधायक निधि से 10 लाख रूपये से शहीद रोशन सिंह की प्रतिमा के सौन्दर्यीकरण एवं अन्य कार्यों के लिए प्रशासन के द्वारा प्रस्ताव बनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यदि और धनराशि की आवश्यकता होगी, तो उसकी व्यवस्था भी की जायेगी।
उपमुख्यमंत्री ने मण्डलायुक्त से उच्च न्यायालय इलाहाबाद के दिशा-निर्देशों को दृष्टिगत रखते हुए शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क में उनकी प्रतिमा के बगल में कार्यक्रम स्थल पर संगोष्ठी, प्रदर्शनी व अन्य आयोजनों हेतु स्थायी व्यवस्था कराये जाने के लिए कहा हैं। उन्होंने 15 अगस्त के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा फहराया जायेगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वप्न को साकार करना व आजादी के कार्यक्रमों का आयोजन सिर्फ सरकार की ही जिम्मेदारी नहीं है, अपितु यह हम सब 140 करोड़ देशवासियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का उत्तरदायित्व है कि राष्ट्रीय पर्व एवं राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले की स्मृति में यदि कोई कार्यक्रम हो, तो हम भारतवासी एकजुट होकर उसमें सम्मिलित हो।
यह भी पढ़ें- आईपीएल का कर्ज चुकाने के लिए प्रेमी ने प्रेमिका के साथ मिलकर की थी वृद्धा की हत्या
