बदायूं: किशोरी के साथ हुआ था सामूहिक दुष्कर्म, गर्भवती हुई तो सच आया सामने...पीड़िता ने दिया बच्ची को जन्म...जानिए पूरा मामला
बदायूं, अमृत विचार। पिछले साल एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। तकरीबन सात महीने के बाद किशोरी के गर्भवती होने का पता चला। परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने घटना के बारे में बताया। किशोरी के पिता ने 29 जुलाई को तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दो आरोपियों को जेल भेजा था। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं शुक्रवार शाम किशोरी ने एक बच्ची को जन्म दिया है।
घटना थाना इस्लामनगर क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी व्यक्ति ने 29 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उन्हें बेटी के गर्भवती होने की जानकारी हुई। परिजनों के पूछने पर किशोरी ने बताया कि 15 दिसंबर 2023 को घेर में पशुओं का चारा डालने के लिए गई थी। इसी दौरान गांव निवासी गुड्डू, मनोहर और गुड्डू के फुफेरे भाई जिला संभल के थाना चंदौसी क्षेत्र के गांव पथरा निवासी सतीश ने उसे दबोच लिया था।
तीनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसे धमकाया था कि अगर किसी को इस बारे में जानकारी दी तो उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मार देंगे। उनके डर की वजह से किशोरी ने परिजनों से शिकायत नहीं की। तहरीर के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की।
सतीश और गुड्डू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मनोहर फरार चल रहा है। इसी दौरान शुक्रवार देर शाम सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को प्रसव पीड़ा होना शुरू हो गई। परिजन उसे पास के अस्पताल लेकर गए। जहां किशोरी ने नौ महीने से पहले ही प्री मेच्योर बच्ची को जन्म दिया। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है और तीसरे की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।
