Padmavat Express: पद्मावत एक्सप्रेस में लगी आग, मची चीख पुकार
गार्ड की सूचना पट लोको पायलट ने रोकी ट्रेन, फायर किट से बुझाई गई आग
प्रतापगढ़, अमृत विचार। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली जा रही पद्मावत एक्सप्रेस में शनिवार की रात 8.08 बजे पारा हमीदपुर रेलवे क्रासिंग के पास आग लग गई। ट्रेन के पहिए से तेज आवाज के साथ ही चिंगारी उठने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
गार्ड ने लोको पायलट को सूचना दी तो आनन-फानन में ट्रेन रोक दी गई, लेकिन तब तक चिंगारी ने आग की लपटों का रूप ले लिया था। किसी तरह फायर किट के जरिए आग बुझाई गई। हालांकि कुछ ही देर में तकनीकी टीम वहां पहुंची। पहिए की खामी दूर की। करीब एक घंटे बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना हुई।

मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली के लिए पद्मावत एक्सप्रेस नियमित चलती है। इस ट्रेन पर यात्रियों की भीड़ भी रहती है। शनिवार को पद्मावत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय शाम 5.45 बजे से सवा दो घंटे लेट थी। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन से रात आठ बजे रवाना हुई।
रात में 8.08 बजे ट्रेन जगेशरगंज- मां चंडिका देवी धाम अंतू रेलवे स्टेशन के मध्य पारा हमीदपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंची थी कि इस बीच पार्सल डिब्बे के पहिए से चिंगारी उठने लगी। इससे यात्रियों में हड़कम्प मच गय। तेज आवाज भी हो रही थी। यात्रियों की चीख- पुकार सुनकर गार्ड ने लोको पायलट को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ट्रेन रोकी गई।
चिंगारी ने आग की लपटों का रूप ले लिया। आनन फानन में फायर किट से उसे बुझाया गया। सूचना मिलते ही जगेशरगंज स्टेशन से तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पहिए की खामी को दूर किया। करीब रात नौ बजे ट्रेन को रवाना किया गया। बताया गया कि ब्रेक शू की दिक्कत थी। उसे ठीक कराकर ट्रेन को रवाना किया गया।
हादसे में नजर आई लापरवाही
इस मामले में सेफ्टी के साथ लापरवाही नजर दिखी। चर्चा रही कि मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन में ट्रेन को ब्रेक से रिलीज किया गया होता तो शायद ऐसा न होता। चिलबिला के बाद ड्राइवर ने स्पीड बढ़ाई उसी के बाद ब्रेक पैड लॉक होने की समस्या बढ़ती गई। हालांकि कोई अनहोनी न होने से जिम्मेदारों ने राहत की सांस ली।
पद्मावत एक्सप्रेस में ब्रेक शू में दिक्कत थी। इसी वजह से चिंगारी उठी थी, जिसे बाद में दुरुस्त कर दिया गया। कोई अनहोनी व नुकसान नहीं हुआ है। ट्रेन को सकुशल दिल्ली के लिए रवाना किया गया.., शैलेन्द्र सिंह, स्टेशन मास्टर जगेशरगंज, प्रतापगढ़।
यह भी पढ़ें:-Siddhanath Temple Incident: बिहार के सिद्धनाथ मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्घालुओं की मौत, 16 घायल
