प्रयागराज : शाही मस्जिद ईदगाह समिति ने वाद के ट्रायल पर जताई आपत्ति
अमृत विचार, प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि शाही ईदगाह मस्जिद विवाद से संबंधित दाखिल अन्य याचिकाओं पर सोमवार को 4 घंटे तक चली सुनवाई के दौरान हिंदू पक्षकारों ने वाद बिंदु पर अपने प्रस्ताव कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किये। मस्जिद कमेटी ने अपनी आपत्ति दाखिल करते हुए कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।
अतः सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने तक मुकदमों का ट्रायल ना किया जाए, लेकिन हिंदू पक्ष की तरफ से कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट ने ट्रायल पर रोक नहीं लगाई है, इसलिए मुकदमों का ट्रायल चलते रहना चाहिए। मामले की सुनवाई में न्यायमूर्ति मयंक कुमार जैन की एकलपीठ के समक्ष हुई।
मालूम हो कि पिछली सुनवाई में भगवान श्रीकृष्ण विराजमान कटरा केशव देव सिविल वाद संख्या 3 और 10 के मामले की सुनवाई में आगरा की जामा मस्जिद का एएसआई सर्वेक्षण कराने की मांग भी रखी गई थी।
यह पढ़ें- पिता के चालीसवें में लाउडस्पीकर लगा रहे बेटे की करंट से मौत
