Kanpur: नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव: सीट को लेकर सपा व कांग्रेस नेताओं में छिड़ी जुबानी जंग, महापौर ने राहुल-अखिलेश का जिक्र कर कसा तंज
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्यों के चयन के लिए महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम सभागार मोतीझील में लाटरी कराई, जिसमें भाजपा के छह सदस्य पवन गुप्ता, विकास जायसवाल, अजुली दीक्षित, निर्देश सिंह चौहान, आशुमेंद्र प्रताप सिंह व संतोष साहू बाहर हो गए।
अब देवेन्द्र द्विवेदी, दीपक शर्मा, आरती गौतम, योगेन्द्र शर्मा, अभिषेक गुप्ता व लियाकत अली कार्यकारिणी सदस्य बचे हैं। बता दें, हटाए गए सदस्यों की जगह चुनाव होगा। महापौर ने कहा कि सभी दल अपना प्रत्याशी तय कर ले। हालांकि मेयर ने सर्वसम्मति से चुनाव कराने को कहा।
सपा पार्षदों ने मांगी सीट
नगर निगम सपा के 18 पार्षद हैं। कार्यकारिणी में 6 सीट खाली होने के बाद सपा ने एक सीट पर अपना दावा ठोका है। बताया जा रहा है कि मतदान में सपा एक सीट आराम से निकाल लेगी। वहीं इस बार नगर निगम सदन में पार्षद पति को एंट्री नहीं दी जा रही है।
नगर निगम सदन की कार्यवाही के दौरान सपा, कांग्रेस गठबंधन की खूब चर्चा हुई। मतदान को लेकर पार्टियों के बीच सहमति न बनने पर मेयर ने तंज कसते हुए कहा कि वैसे तो सपा और कांग्रेस खूब एकता दिखाती है। राहुल और अखिलेश खूब गले मिलते हैं।
तो सदन में भी सपा और कांग्रेस पार्षद एकता दिखाएं और संयुक्त प्रत्याशी घोषित करें। इस पर सपा पार्षद दल नेता जावेद अख्तर गुड्डू ने कहा कि सपा पार्षदों की संख्या ज्यादा है, इसलिए सीट उन्हें मिलनी चाहिए। जिस पर कांग्रेस नेता सदन सुहैल अहमद ने आपत्ति जताते हुए कहा की सीट हमें मिलनी चाहिए।
नहीं बनी सहमति, चुनाव की तैयारी
12 बजे सदन 40 मिनट के लिए स्थगित किया गया। लेकिन करीब 1.30 बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। मेयर ने सभी से सहमति के आधार पर चुनाव कराने के लिए पूछा। लेकिन कोई सहमति नहीं बनी। इसके बाद मेयर ने चुनाव कराने की घोषणा कर दी और अधिकारी मतदान कराने के लिए जुट गए।
सांसद रमेश अवस्थी ने नगर निगम के पदेन सदस्य की शपथ ली

महापौर प्रमिला पांडेय ने सांसद रमेश अवस्थी को नगर निगम के पदेन सदस्य के रूप में शपथ दिलायी।
