बहराइच: पूर्व सहकारिता मंत्री ने दुष्कर्म पीड़िता के घर जाकर जाना हाल, बोले- पुलिस सजा के लिए करे बेहतर पैरवी
फखरपुर/बहराइच, अमृत विचार। फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा सात की छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को भाजपा सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री ने गांव जाकर परिवार के लोगों से हाल-चाल जाना। साथ ही आर्थिक सहयोग कर सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही।
फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा सात की छात्रा के साथ समुदाय विशेष के युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लेकिन छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। इसकी जानकारी होने पर सोमवार को प्रदेश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने मौके पर जाकर परिवार के लोगों से पीड़ित छात्रा के सेहत की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि पुलिस से वार्ता कर आरोपी को सजा दिलवाने के लिए सख्त पैरवी की मांग करेंगे। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने की बात की। इसके बाद पूर्व कैबिनेट मंत्री ने छात्रा की मां को आर्थिक सहायता राशि भी दी। इस दौरान विधान सभा संयोजक गौरव वर्मा,अपराजिता सामाजिक समिति की अर्पिता सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
