गोंडा: SP के नेतृत्व में गोंडा पुलिस ने निकाली तिरंगा पद यात्रा, दिया राष्ट्र प्रेम का संदेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कहा- राष्ट्रीयता की भावना जाग्रत करना ही इस यात्रा का उद्देश्य

गोंडा, ‌अमृत विचार। 78वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे "हर घर तिरंगा अभियान" के अवसर पर बुधवार को गोंडा पुलिस ने शहर में तिरंगा पद यात्रा निकाली। एसपी विनीत जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के कई प्रमुख चौराहों का भ्रमण कर लोगों को राष्ट्र प्रेम का संदेश दिया। 

आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है‌। पूरा शहर देशभक्ति के रंग से सराबोर है और हर तरफ देश की अस्मिता का प्रतीक तिरंगा लहराता नजर आ रहा है‌। 

इसी अभियान के क्रम में बुधवार को गोंडा पुलिस ने शहर में तिरंगा पद यात्रा निकाली। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने गुरूनानक चौक से तिरंगा यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। पूरे जोश और जज्बे के साथ निकाली गयी। यह तिरंगा यात्रा देशभक्ति के रंग में रंगी रही। एसपी विनीत जायसवाल, एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत व सीओ नगर सौरभ वर्मा ने पद यात्रा की अगुवाई की। हाथ में तिरंगा लहराते एसपी व पुलिस कर्मियों को देख हर कोई देश प्रेम की भावना से भर उठा‌। पद यात्रा गुरूनानक चौक से पीपल चौराहा, एकता चौराहा, वीर अब्दुल हमीद चौक होते हुए निकाली गयी और वापस गुरुनानक चौक पर पहुंचकर समाप्त हुई। 

एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना उत्पन्न करने और आम जनमानस में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देश भक्ति व राष्ट्रीयता की भावना जाग्रत करना ही इस यात्रा का उद्देश्य है। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ वर्मा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार पाठक सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- गोंडा: पढ़ाई लिखाई छोड़ अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ थामा था विद्रोह का झंडा, मां भारती के वीर सपूतों ने जिले में जगाई थी स्वतंत्रता आंदोलन की अलख 

संबंधित समाचार