धनपतगंज ब्लॉक प्रमुख के उप चुनाव में सपा-भाजपा आमने-सामने
सपा से उषा सिंह तो भाजपा समर्थित प्रत्याशी पार्वती सरोज ने किया नामांकन, दोनों के पर्चे पाए गए वैध, बाहुबली ब्लाक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू की शासन से बर्खास्तगी के बाद हो रहा उपचुनाव
धनपतगंज/ सुलतानपुर, अमृत विचारः दिलचस्प हुए ब्लाक प्रमुख धनपतगंज के उपचुनाव में अब भाजपा समर्थित प्रत्याशी पार्वती सरोज और सपा की उम्मीदवार व भद्र बंधुओं की माता ऊषा सिंह आमने-सामने है। मंगलवार को किए गए नामांकन के बाद दोनों उम्मीदवारों के पर्चे वैध पाए गए। यहां बहुबली प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू की शासन से बर्खास्तगी के बाद उपचुनाव हो रहा है। ब्लाक मुख्यालय पर होने वाले नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे।
सोमवार को बहुचर्चित अति संवेदनशील बन चुके धनपतगंज के प्रमुख पद के उप चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया खंड मुख्यालय पर बने निर्वाचन कक्ष में शुरू हुई। जहां सबसे पहले भाजपा समर्थित प्रत्याशी पार्वती अपने प्रस्तावक दीपक और मझवारा की बीडीसी सदस्य पूनम के साथ सुरक्षा बेरीकेडिंग प्रथम से पैदल चलकर आरओ कक्ष पहुंची और अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उम्मीदवार पार्वती के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता और नगर पालिका चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल, त्रिनेत्र पांडेय साथ रहे। तो वहीं, सपा समर्थित उम्मीदवार उषा सिंह अपने प्रस्तावक ऋषि भद्र सिंह और गया बख्श यादव के साथ आरओ कक्ष पहुंचे और अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। सपा प्रत्याशी के पर्चा दाखिला के दौरान निर्वाचन कक्ष से बाहर उनके बड़े पुत्र पूर्व विधायक चंद्र भद्र सिंह सोनू, छोटे पुत्र पूर्व ब्लाक प्रमुख यशभद्र सिंह मोनू अपने समर्थकों के साथ खंड मुख्यालय से बाहर मौजूद रहे। नामांकन सुरक्षा के मद्देनजर सीओ बल्दीराय सौरभ सामंत, एसडीएम बल्दीराय प्रवीण कुमार, धनपतगंज थाना प्रभारी राम आशीष उपाध्याय तथा अन्य कई थानों की पुलिस के साथ पीएसी के काफी संख्या में जवान मौजूद रहे।
सभी मार्गों पर की गई बैरिकेडिंगः अतिसंवेदनशील उप चुनाव की सुरक्षा के मद्देनजर खंड मुख्यालय तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग की गयी। जिस पर पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे और ड्रोन कैमरे भी निगरानी होती रही। इस दौरान बाजार की दुकानें भी बंद रही।
पहले भी प्रमुख रह चुकी हैं उषा सिंह
धनपतगंजः सपा प्रत्याशी ऊषा सिंह इसके पहले भी वर्ष 2001 से 2006 तक निर्विरोध ब्लाक प्रमुख रहीं है। दोबारा इस कुर्सी पर काबिज होने के लिये सपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में है। उन्हें कडे़ संघर्ष से गुजरते हुये भाजपा प्रत्याशी पार्वती का सामना करना पड़ेगा।
धनपतगंज ब्लाक में कुल 81 बीडीसी है। जिनमें 18 बीडीसी अनुसूचित जाति, 29 बीडीसी सामान्य जाति और 34 बीडीसी पिछड़ी जाति से है। आरओ हृदय राम तिवारी ने बताया कि उषा सिंह ने दो सेट और पार्वती ने एक सेट में नामांकन पर्चा दाखिल किया है। दोनों उम्मीदवारों के पर्चे वैध पाए गए हैं। बुधवार को पर्चा जांच और वापसी दोनों होगा। 22 अगस्त को चुनाव होगा।
यह भी पढ़ें- रेलवे बोर्ड की चेयरमैन ने फाफामऊ स्टेशन का किया निरीक्षण : महाकुंभ से पहले तैयारी पूरी करने का दिया निर्देश
