Kanpur Crime: एक फोन पर मिलता था डिलीवरी का पता...ट्राली व बैग में लेकर गांजा की करते तस्करी, दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने 16 किलो मादक पदार्थ किया बरामद
कानपुर, अमृत विचार। सामान ले जाने वाली ट्राली व पिट्ठू बैग में भर कर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गुजैनी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग वाहनों का इस्तेमाल करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि डिलीवरी करने का पता उनको भी नहीं पता था। उड़ीसा में बैठा हैंडलर उन्हें फोन कर उन्हें समय-समय पर निर्देशित करता था। आरोपियों ने बताया कि शहर में आने के बाद उन्हें मथुरा जाने के निर्देश मिले थे।
एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि मंगलवार को गुजैनी पुलिस को सूचना मिली कि अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ गिरोह के दो तस्कर सवारी के इंतजार में गुजैनी फुट ओवर ब्रिज के नीचे खड़े हुए है। मौके पर पहुंची पुलिस को फुट ओवर ब्रिज के नीचे दो युवक ट्राली व पिट्ठू बैग लिए खड़े मिले। पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसमें 16.174 किलो गांजा बरामद हुआ।
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बाराबंकी, हैदरगढ़ गांव राजापुर निवासी शिवकांत उर्फ शिवा व बासगांव निवासी राजेंद्र प्रताप सिंह बताया। आरोपियों ने बताया कि वह उड़ीसा से मादक पदार्थ लेकर आते थे और शहर समेंत लखनऊ, मेरठ, उन्नाव, मथुरा में तस्करी करते थे। पुलिस से बचने के लिए वह कपड़े रखने वाले ट्राली व पिट्ठू बैग में गांजा रखते थे। साथ ही प्राइवेट वाहन की बजाए ट्रेन, बस, आटो का इस्तेमाल करते थे।
एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों को कहां माल डिलीवरी करनी है इसका पता नहीं होता था। उन्हें उड़ीसा में मौजूद लोग फोन पर दिशा निर्देशित करते थे। आरोपियों के मोबाइल से हैंडलर का नंबर मिला है, जिसकी जांच टीम कर रही है। बताया कि आरोपी ट्रेन से शहर में आए थे, जिसके बाद उन्हें हैंडलर ने मथुरा जाने के लिए निर्देशित किया था। मथुरा जाने के लिए वह गुजैनी हाईवे पर सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे।
