बरेली: नगर निगम की जनसुनवाई से फरियादियों का मोहभंग
समस्या का निदान न होने से लोग बना रहे दूरी, मंगलवार को सिर्फ चार लोग शिकायत लेकर पहुंचे
बरेली, अमृत विचार : नगर निगम की जनसुनवाई से फरियादियों का मोह भंग होता जा रहा है। मंगलवार को भी गिनती के फरियादी जनसुनवाई में पहुंचे। अधिकतर लोग समस्याओं को मेयर और अधिकारी के पास सीधे लेकर जा रहे हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि लोग जनसुनवाई में जाना पसंद नहीं कर रहे हैं, क्योंकि उनकी समस्याओं का निदान नहीं हो रहा है।
हर मंगलवार का दो घंटे तक जनसुनवाई का आयोजन नगर निगम में है। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव ने लोगों की फरियाद सुनी। दो घंटे के दौरान महज चार लोग समस्या लेकर आए।बिहारीपुर निवासी अश्वनी गुलाटी पुत्री नंदनी के साथ आए थे। बेटी दिव्यांग है और फड़ लगा पूरे परिवार का पिता भरणपोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि बेटी के नाम वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित कराने के लिए छह माह से अधिक समय से नगर निगम और डूडा का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या निदान नहीं हो पाया है। आज कहा गया कि डूडा से काम होगा। पार्षद जय प्रकाश राजपूत ने अधिकारियों को बताया कि बडे़ नाले पर अतिक्रमण है, जिसे हटाने के लिए कई बार वह गुहार लगा चुके लेकिन नहीं हटा है। इसपर पार्षद ने नाराजगी भी जताई। कुछ अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। यह सुनकर कुछ देर तक अधिकारी भी अवाक रह गए।
शिकायत प्रकोष्ठ में अंबार
मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान अधिकारी फरियादियों का इंतजार करते रहे लेकिन कम ही लोग आए।वहीं, शिकायत प्रकोष्ठ के रजिस्टर के मुताबिक हर रोज 20 से 25 शिकायतें दर्ज हो रही हैं। लोग फोन कर समस्या बताते हैं और खुद शिकायती पत्र लेकर भी पहुंचते हैं। एक ओर जहां शिकायत प्रकोष्ठ में प्रार्थना पत्रों का अंबार है तो जनसुनवाई में फरियादी बहुत कम संख्या में पहुंच रहे हैं।
