गोंडा: 10 रुपये का प्रलोभन देकर सिरफिरे प्रधानाध्यापक ने छात्रों के बीच कराई मारपीट, छात्र घायल  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नवाबगंज /गोंडा, अमृत विचार। नवाबगंज के प्राथमिक विद्यालय रेहली के प्रधानाध्यापक ने 10-10 रुपये का प्रलोभन देकर दो बच्चों की आपस में मारपीट करा दी। इस मारपीट के दौरान एक छात्र ने दूसरे को जोर से धक्का दे दिया जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और उसका सिर फट गया। परिजन बेहोशी की हालत में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां से डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिये रेफर कर दिया।‌

पांच दिन तक इलाज कराने के बाद बच्चे की हालत में सुधार हुआ। अभिभावक की शिकायत‌ पर बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने स्कूल पहुंच कर घटना की जांच की। इस दौरान बच्चों ने प्रधानाध्यापक पर उठक बैठक कराने व मामूली सी गलती पर डंडे से पिटाई करने समेत अन्य कई गंभीर आरोप लगाया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने अपनी जांच रिपोर्ट बीएसए को भेजी है। 

WhatsApp Image 2024-08-22 at 17.39.50_12e38456

रेहली गांव के घनश्याम तिवारी के मुताबिक उनका 10 वर्षीय बेटा सौरभ बीते शनिवार को प्राथमिक विद्यालय रेहली में पढ़ने गया था। वहां प्रधानाध्यापक अशोक यादव ने 10 रुपये का प्रलोभन देकर छात्र सौरभ व चंद्रभान को आपस में लड़ा दिया। कहा मारपीट में जो जीतेगा उसे 10 रुपये का इनाम मिलेगा। रुपये के लालच में दोनों बच्चे आपस में भिड़ गए‌। इसी बीच चंद्रभान ने सौरभ को जोर का धक्का दे दिया जिससे वह जमीन पर गिर गया और सिर में गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गया। सौरभ के चोटिल होने के बाद स्कूल में अफरा तफरी मच गयी। प्रधानाध्यापक अशोक यादव स्कूल छोड़कर चले गए‌। सूचना पर पहुंचे घनश्याम बेटे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर बचाते हुए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। 

इसके बाद घनश्याम ने सौरभ को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पांच दिन के इलाज के बाद बुधवार को सौरभ की हालत‌ में सुधार हुआ तो उन्होंने प्रधानाध्यापक के करतूत की शिकायत पुलिस व खंड शिक्षा अधिकारी से की। शिकायत मिलने पर बृहस्पतिवार को नवाबगंज खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण पांडेय घटना की जांच के लिए स्कूल पहुंचे। उन्होंने अभिभावकों व स्कूल के बच्चों से घटना की जानकारी ली। बच्चों ने बीईओ को बताया कि मामूली सी बात पर प्रधानाध्यापक अशोक यादव उन्हे डंडे से मारते हैं और सैकड़ों बार उठक बैठक कराते हैं। अभिभावकों ने भी प्रधानाध्यापक पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट बीएसए को भेजी जा रही है। 

महिला शिक्षिकाएं भी लगा चुकी हैं अभद्रता का आरोप 
प्राथमिक विद्यालय रेहली के प्रधानाध्यापक अशोक यादव का विवादों से पुराना नाता है। अशोक यादव पर स्कूल की महिला शिक्षिकाएं भी अभद्रता और अश्लीलता करने का आरोप लगा चुकी हैं। इस मामले में उसे निलंबित भी किया गया था लेकिन फिर से उसे इसी स्कूल में बहाल कर दिया गया। अब बच्चों की पिटाई को लेकर वह एक बार फिर से चर्चा में हैं।

ये भी पढ़ें- 69000 शिक्षक भर्ती: तरबगंज विधायक ने सीएम योगी को लिखा पत्र, चयनित अध्यापकों के हितों के संरक्षण की मांग 

संबंधित समाचार