मिल्कीपुर उपचुनाव जीत से अयोध्या हार पर लगेगा मरहम : उद्यान राज्य मंत्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

-प्रदेश के उद्यान राज्य मंत्री और कृषि मंत्री ने कई सड़कों का किया शिलान्यास

मिल्कीपुर/ अयोध्या, अमृत विचार : मिल्कीपुर विधानसभा के सिधारी बाजार उधरनपुर में पंचायत विभाग की प्रदर्शनी लगाई गई। उद्घाटन प्रदेश के उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और जिले के प्रभारी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। मिल्कीपुर क्षेत्र की आधा दर्जन सड़कों का शिलान्यास भी किया। 

उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा हम लोकसभा चुनाव में रायबरेली सीट हार गए, कोई बात नहीं, लेकिन अयोध्या हारने का दर्द है। इस बार मरहम मिल्कीपुर से लग सकता है। आप लोग यदि मरहम लगाने का काम करेंगे तो सरकार भी आपको ज्यादा करके देंगी और अयोध्या का नाम होगा। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि रायबरेली में मां बेटे को किसी ने दुर्गापूजा पंडाल में जाते नहीं देखा होगा लेकिन टोपी लगाकर ईद में जरूर जाते देखा होगा।कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में 1947 से लेकर अब तक दो बार ही भाजपा के विधायक चुने गए हैं।

70 साल तक विपक्ष के विधायक थे। लेकिन विकास नहीं हुआ। अखिलेश यादव कहते हैं कि अयोध्या के राजा अवधेश प्रसाद हैं। ऐसा बोल कर वे भगवान का अपमान कर रहे हैं। अखिलेश यादव आज तक रामलला के दर्शन करने नहीं आए। भाजपा मंडल अध्यक्ष कुमारगंज बंशीधर शर्मा के संयोजन में ग्राम चौपाल एवं पंचायत विभाग की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। संचालन भाजपा महामंत्री राधेश्याम त्यागी ने किया। जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह, अजय तिवारी, अर्जुन सिंह, चंद्रभान पासवान, चंद्रकेश रावत, विनय रावत, सर्वेश तिवारी, अनीत सिंह रहे।

यह भी पढ़ें- पत्नी पर चाकू से हमलाकर पति ने खाया जहरीला पदार्थ : ससुराल पहुंचे युवक ने वारदात को दिया अन्जाम

 

संबंधित समाचार