बदायूं : छेड़छाड़ की सूचना पर पहुंची पुलिस से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

छेड़छाड़ की सूचना पर मंगलवार सुबह गांव बरातेगदार पहुंची थी पीआरवी 1280

बदायूं/कुंवरगांव, अमृत विचार। महिला के साथ छेड़छाड़ की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी ने पुलिस पर हमला किया और उपनिरीक्षक की वर्दी फाड़ दी। गाड़ी चालक होमगार्ड घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेज दिया।

थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव बरातेगदार में मंगलवार सुबह लगभग साढ़े पांच बजे घर के के दरवाजे पर सफाई कर रही महिला से शराब के नशे में धुत देवेश पुत्र धनपाल ने छेड़छाड़ की। महिला के पति ने डायल 112 को सूचना दी। पीआरवी 1280 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आरोपी युवक पुलिस से मारपीट करने लगा। आरोप है कि उपनिरीक्षक दिनेश की वर्दी फाड़ दी और जमीन पर गिरा दिया। ईंट मारने की कोशिश की। बचाव में उपनिरीक्षक का मोबाइल टूट गया। महिला सिपाही प्रतिभाग से अभद्रता की। गाड़ी चालक होमगार्ड राजप्रताप से मारपीट करके घायल कर दिया। उपनिरीक्षक ने सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी देवेश को गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक दिनेश की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने, महिला पुलिसकर्मी से अभद्रता आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को जेल भेजा गया है। वहीं महिला के पति ने भी आरोपी के खिलाफ अपनी पत्नी से अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ के आरोप की तहरीर दी है। पुलिस ने उसकी तहरीर पर भी रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। उसके तीन परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच नवादा चौकी इंचार्ज सुमित कुमार करेंगे।

संबंधित समाचार