बदायूं : दारोगा के स्थानांतरित होने के बाद पिस्टल और 10 कारतूस गायब
सहसवान इंस्पेक्टर ने गौतमबुद्धनगर में तैनात दारोगा और सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबिल पर दर्ज कराई रिपोर्ट
बदायूं, अमृत विचार। कोतवाली सहसवान में तैनात दारोगा अमित चौधरी का 2019 में दूसरे जिले में स्थानांतरण हो गया था। जिसके बाद से एक पिस्टल और 10 कारतूस गायब हो गए हैं। हेड मुहर्रिर गीतम सिंह के सेवानिवृत्त होने पर दूसरे हेड मुहर्रिर सुधीर कुमार को जनवरी 2024 में चार्ज मिला तो इस बात की जानकारी हुई। सीओ ने मामले की जांच की थी। दारोगा को नोटिस भेजा गया। सहसवान के इंस्पेक्टर ने दारोगा और सेवानिवृत्त हेड मुहर्रिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
साल 2019 में कोतवाली सहसवान में तैनाती के दौरान दारोगा अमित चौधरी को मय मैग्जीन पिस्टल और 10 कारतूस मुहैया कराए गए थे। जो दारोगा को तत्कालीन हेड मुहर्रिर रहे गीतम सिंह ने दी थी। रजिस्टर पर हेड मुहर्रिर और दारोगा के हस्ताक्षर थे। पिस्टल नंबर 18203257 था। जिसके बाद उनका गौतमबुद्धनगर में स्थानांतरण हो गया था। उन्होंने अनापत्ति प्रमाण दिया लेकिन पिस्टल और कारतूस जमा करने के संबंध में प्रमाण पत्र नहीं दिया। हेड मुहर्रिर ने भी अधिकारियों को इस बाबत नहीं बताया। जिसकी वजह से मामला उजागर नहीं हुआ था। जनवरी 2024 में हेड मुहर्रिर गीतम सिंह सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने हेड मुहर्रिर सुधीर सिंह को चार्ज दिया। अभिलेख चेक करने पर पिस्टल और कारतूस गायब होने का मामला सामने आया। तब गीतम सिंह ने दारोगा अमित चौधरी को नोटिस भेजा। अधिकारियों को अवगत कराया। सीओ सहसवान ने मामले की जांच की। दारोगा और हेड मुहर्रिर से पूछताछ की। दोनों के पास ही पिस्टल और कारतूस के बारे में कोई प्रमाण पत्र नहीं था। जांच के बाद सीओ ने दोनों को दोषी माना और एसएसपी को जांच आख्या सौंपी। एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। सहसवान इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने गौतमबुद्धनगर में तैनात दारोगा अमित चौधरी और जिला बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र के मोहल्ला बालाजी नगर निवासी सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबिल गीतम सिंह के खिलाफ सरकारी संपत्ति के गबन के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। गौतमबुद्धनगर के एसएसपी को पत्र भेजकर मामले से अवगत कराया गया है। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पिस्टल और कारतूस गायब होने का मामला सामने आया है। जांच में दारोगा और सेवानिवृत्त हेड मुहर्रिर दोषी मिले हैं। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
