रायबरेली: पुलिस गश्त की खुली पोल, बेखौफ चोरों ने दो घरों से 15 लाख का सामान किया पार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सतांव/रायबरेली, अमृत विचार। गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के खगियाखेड़ा मजरे कोन्सा और ठकुराइन खेड़ा मजरे कृष्णपुर ताला गांवों शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर नकदी समेत करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चाँदी के आभूषण पार कर दिया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवारों ने थानें में तहरीर देकर घटना की सूचना पुलिस को दी।

थाना क्षेत्र के खगियाखेड़ा मजरे कोन्सा गांव निवासी मो. शकील पुत्र स्व. मो. मुनीर ने रविवार की सुबह गुरुबक्शगंज थानें में तहरीर देकर बताया कि शनिवार की रात अज्ञात चोर घर के पीछे से बल्ली के सहारे छत पर चढ़े और जीने के रास्ते घर के अन्दर घुसे। चोरों ने कमरे में रखी दो आलमारियों और बेड का लॉकर तोड़कर 50 हजार रुपये की नकदी और करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गये। सुबह कमरे का सामान बिखरा देखकर घटना की जानकारी हुई। काफी खोजबीन के बाद भी चोरों और चोरी हुए सामान का कुछ पता नही चल सका।

दूसरी घटना में चोरों ने ठकुराइन खेड़ा मजरे कृष्णपुर ताला गांव निवासी उदयशंकर पुत्र सुन्दरलाल के घर को निशाना बनाया। अज्ञात चोर घर के पीछे लगे पेड़ के सहारे छत पर उतरे और जीने के रास्ते घर में दाखिल होकर कमरे के अन्दर रखी दो आलमारियों का लॉकर तोड़कर उसमें रखी 32 हजार रुपये और करीब 50 हजार रुपये कीमत के आभूषण चुरा ले गये। थानाध्यक्ष प्रवीर गौतम ने बताया कि चोरी की दोनों घटनाओं की तहरीर मिली है। मुकदमा पंजीकृत कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

ये भी पढ़ें- रायबरेली: शराबी पति ने पत्नी को जिंदा जलाया, हालत गंभीर

संबंधित समाचार