राजद-कांग्रेस ने राम मंदिर मामले में बाधा डालने का काम किया: नड्डा
सोनपुर। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को एक चुनावी रैली में राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस पर इसमें बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के दोबारा आने पर इस विषय की उच्चतम न्यायालय में प्रतिदिन के आधार …
सोनपुर। भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को एक चुनावी रैली में राम मंदिर का मुद्दा उठाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और कांग्रेस पर इसमें बाधा डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के दोबारा आने पर इस विषय की उच्चतम न्यायालय में प्रतिदिन के आधार पर सुनवाई हुई और न्यायालय का फैसला आने के बाद अब अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में भव्य राम मंदिर का निर्माण होने जा रहा है।
नड्डा ने सोनपुर में लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि राम जन्मभूमि के लिए करोड़ों लोग लगे। लेकिन जब आडवाणी की राम रथयात्रा निकली थी, तो यहीं बिहार की धरती पर लालू यादव ने उस रामरथ को रोका था और यहीं के राम भक्तों ने उस यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर भी प्रहार करते हुए कहा कि राम मंदिर के मामले में एक पक्ष के वकील कपिल सिब्बल ने उच्चतम न्यायालय में इस मामले को लटकाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि देश के सभी लोग चाहते थे कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर बने। कांग्रेस ने इसे लटकाने, अटकाने और भटकाने का काम किया।
बिहार में विपक्षी महागठबंधन पर कहा कि राष्ट्रीय जनता दल अराजकता वाली पार्टी है। भाकपा-माले समाज में विध्वंस फैलाती है। कांग्रेस पार्टी देश विरोधी है। यह है बिहार में महागठबंधन। यह महागठबंधन बिहार में विकास नहीं कर सकता। नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी दिन-रात चीन की बात करते हैं, लेकिन राजीव गांधी फाउंडेशन के लिए चीन से पैसा लेकर वह राष्ट्रभक्त बन रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि मैंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से जो पैसे लिए, उसका जवाब दो, आज तक मां-बेटे ने कोई जवाब नहीं दिया।
