बरेली: मिठाई और पटाखे बेचने वालों की होगी कोरोना जांच
बरेली, अमृत विचार। त्योहारी सीजन में बाजार में उमड़ रही भीड़ से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने की संभावना बनी है। इसको लेकर शासन शिकंजा कसेगा। मिठाई बनाने से लेकर पटाखा बेचने वालों की कोरोना जांच होगी। दीये, पटाखे और माल में काम करने वालों की जांच के लिए टीमें जिले में घूमेंगी। शासन ने …
बरेली, अमृत विचार। त्योहारी सीजन में बाजार में उमड़ रही भीड़ से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ने की संभावना बनी है। इसको लेकर शासन शिकंजा कसेगा। मिठाई बनाने से लेकर पटाखा बेचने वालों की कोरोना जांच होगी। दीये, पटाखे और माल में काम करने वालों की जांच के लिए टीमें जिले में घूमेंगी। शासन ने इसके लिए कैलेंडर जारी किया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब कैलेंडर के मुताबिक 12 नवंबर तक क्षेत्रों में जाकर कोरोना जांच करेंगी। ताकि दिवाली के त्योहार पर संक्रमण का खतरा न बढ़ सके। इधर, कुछ व्यापारिक संगठनों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। तर्क दिया जा रहा है। लाकडाउन से बेहाल व्यापारियों का त्योहारी सीजन में सैंपलिंग के कार्य से व्यापार प्रभावित होगा।
अक्टूबर माह में कोरोना का ग्राफ तेजी से कम होने लगा वहीं, ठीक होने वाले मरीजो का रिकवरी रेट भी अच्छा है। लेकिन त्योहारी सीजन नजदीक आते ही बाजार में बढ़ती भीड़ संक्रमण बढ़ने के संकेत दे रही है। अफसरों के मुताबिक करवाचौथ से लेकर दीपावली तक बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ेगी। इसलिए बाजार में दुकान, माल और शोरूम में जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा कोविड जांच के लिए शासन ने वीडियो क्रांफेंस के जरिए निर्देश दिए हैं।
दुकानों पर जांच की मॉनीटरिंग करेंगे सीएमओ व डीएम
इसके साथ ही त्योहारी सीजन में 12 नवंबर तक चलाए जाने वाले अभियान का कैलेंडर भी जारी किया है। इसमें 1 और 2 नवंबर को पूजा स्थलों पर कोरोना की जांच होगी। 3 नवंबर को मॉल्स में सैंपलिग होगी। 4 नवंबर को इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर व 5 नवंबर को मूर्ति और मिठाई की दुकानों पर जांच की जाएगी। इसके बाद 6 नवंबर को पटाखा बेचने वालों के यहां सैंपलिग होगी। इसके बाद एक बार फिर से दीपावली तक ऐसे ही जांच का क्रम चलेगा। प्रतिदिन बाजार में दुकानों पर होने वाली जांच की मॉनीटरिंग सीएमओ और डीएम करेंगे। शासन को भी इसकी जांच रिपोर्ट अलग से जाएगी। इधर, सीडीओ चंद्र मोहन गर्ग ने सभी से अपील की है कि त्योहारी सीजन में सभी को सावधानी से काम करना होगा। भीड़ अधिक न करे और अनावश्यक बाहर भी न निकले।
“त्योहारी सीजन में बाजार में कोई खास रौनक नहीं है। व्यापारी पहले से परेशान हैं, इसमें कोरोना जांच कराने की रणनीति से व्यपारियों के अलावा उनके यहां काम करने वाले कर्मचारियों की दिक्कत और बढ़ जाएगी।”-राजेंद्र गुप्ता, प्रांतीय महामंत्री, उद्योग व्यापार मंडल
“अनलॉक के बाद से कोरोना का ग्राफ लगातार कम हो रहा है। इसके साथ ही ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी भी ठीक चल रहा है। ऐसे में कोरोना जांच के नाम पर व्यापारियों को सिर्फ परेशान करने का काम किया जाएगा।”-सुधीश पांडेय, जिलाध्यक्ष, पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल
