बरेली: तैयारियां धड़ाम, त्योहारों से पहले शहर में जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में जाम की समस्या नासूर बनती जा रही है। रविवार से यातायात माह की शुरुआत हो रही है लेकिन एक दिन पहले ही शहरवासी दिनभर जाम के झाम से जूझते रहे। सिविल लाइंस से लेकर कुतुबखाना तक दिन में कई बार भीषण जाम लगा तो कई बार वाहनों की रफ्तार धीमी …

बरेली, अमृत विचार। शहर में जाम की समस्या नासूर बनती जा रही है। रविवार से यातायात माह की शुरुआत हो रही है लेकिन एक दिन पहले ही शहरवासी दिनभर जाम के झाम से जूझते रहे। सिविल लाइंस से लेकर कुतुबखाना तक दिन में कई बार भीषण जाम लगा तो कई बार वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। यहां तक कि जाम में एंबुलेंस तक फंस गई। इसके बाद पुलिस दौड़ी और जाम खुलवाया।

त्योहारों पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने दो दिन पहले ही अपना प्लान जारी किया था लेकिन जिस तरह के हालात शनिवार को नजर आए उससे स्पष्ट है कि इस वर्ष भी यह प्लान सिर्फ कागजों में ही जाम से निजात दिलाता रहेगा। कोरोना की वजह से बाजार में कम लोगों का आवागमन था लेकिन अक्टूबर माह में दशहरा से मार्केट में कुछ रौनक बढ़ी। आने वाले दिनों में करवा चौथ, धनतेरस, दीपावली, भैया दूज समेत कई त्योहार हैं।

इन त्योहारों में लोग जमकर शॉपिंग करते हैं। इसके अलावा शादियों को भी सीजन शुरू होने वाला है जिसके चलते मार्केट में लोगों को आवागमन शुरू हो गया है। पटेल चौक से नावल्टी चौक, सिविल लाइंस, कुतुबखाना, बड़ा बाजार में मुख्य मार्केट है लेकिन यहां दुकानों का सामान सड़क पर रखा रहता है। इसकी वजह से सड़कें संकरी हो जाती हैं। यही वजह है कि यहां से वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है।

इस रोड पर ऑटो व कारें भी रोक के बावजूद निकलती हैं। आड़े-तिरछे वाहनों के निकलने से लगे जाम में एक सरकारी एंबुलेंस भी फंस गई। एंबुलेंस फंसने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और सिविल लाइंस चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी पहुंचे और जाम खुलवाया। जो हालात दिखे उससे तो कोरोना फैलने का भी डर बना हुआ है क्योंकि जाम की वजह से सभी वाहन चालक एक-दूसरे के बिल्कुल नजदीक थे। दो गज की दूरी का पालन ही नहीं हो रहा था।

रास्ते बंद होने से भी दिक्कत
शहर में जाम की वजह कई रास्ते बंद होना भी रहा। सबसे ज्यादा खराब हालात सिविल लाइंस एरिया में हैं। क्योंकि यहां श्यामगंज से बरेली कॉलेज, बरेली कॉलेज से पटेल चौक और पटेल चौक से चौपुला चौराहे तक सीवर लाइन का निर्माण चल रहा है। चौपुला चौराहे पर पुल का निर्माण भी चल रहा है। इसकी वजह से वाहन एक ही रास्ते से गुजर रहे हैं और जाम लग रहा है। जाम की समस्या को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने उक्त रास्तों पर ऑटो एवं कार के प्रवेश पर रोक लगाने का प्लान बनाया था लेकिन इस पर अमल नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा सेटेलाइट पर भी ऑटो व रोडवेज की बसों से लगने वाला जाम खत्म नहीं हो पा रहा है।

“शहर में जाम न लगे, इसके प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार को मैंने स्वयं शहर में भ्रमण किया है। कुतुबखाना एरिया में भीड़-भाड़ दिखी। इसके अलावा सभी जगह हालात ठीक थे। यदि कहीं जाम की समस्या हो रही है तो उसका भी समाधान किया जाएगा।”-संजीव कुमार वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक

संबंधित समाचार