अल्मोड़ा: रामनगर-पौड़ी नेशनल हाईवे पर तीन घंटे ठप रहा यातायात 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। सल्ट के मोहान में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश से पन्याली नाला उफान पर आ गया। जिससे रामनगर-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग में तीन घंटे यातायात बाधित रहा। इस दौरान यात्रियों को खासी फजीहत का सामना करना पड़ा।  

शनिवार दोपहर को सल्ट में हुई मूसलाधार बारिश से पन्याली नाला एक बार फिर उफान पर आ गया। इससे रामनगर से कुमाऊं गढ़वाल को जोड़ने वाले रामनगर-पौढ़ी राष्ट्रीय राजमार्ग में यात्री तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे। पन्याली नाले में पानी बढ़ने से तमाम छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहे।

कुछ देर बाद नाले में जल स्तर कम हुआ तो नाले के साथ बहकर आये बोल्डर और मलबे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। सूचना पर पहुंची लोनिवि की जेसीबी से मार्ग से मलबा और बोल्डर हटाकर किसी तरह यातायात को सुचारू कराया। जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।  

यात्रियों को राहत कार्य पहुंचाने के लिए एक जेसीबी हमेशा मोहान में खड़ी रहती है। नाले में आये मलबे और फंसे वाहन को निकालने के लिए जेसीबी को समय से भेज दिया गया था।
-कपिल कुमार, सहायक अभियंता, एनएच।

संबंधित समाचार