बदायूं: तीन बदमाशों ने पशु व्यापारियों से की थी लूट, गिरफ्तार कर भेजा जेल
12 अगस्त को बाइक सवार पशु व्यापारियों से तमंचे के बल पर हुई थी लूट
बदायूं, अमृत विचार। थाना जरीफनगर क्षेत्र में पशु व्यापारियों से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन बदमाशों ने दो पशु व्यापारियों से लूट की थी। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा व एक कारतूस, बाइक और लूट के 14100 रुपये बरामद हुए हैं। बदमाशों को जेल भेजा गया है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां के वार्ड 6 निवासी अरबाज पुत्र इकबाल और उनके चाचा आदिल पशु व्यापारी हैं। वह दोनों 12 अगस्त की सुबह नाधा की बाजार पशु खरीदने जा रहे थे। रास्ते में सुबह साढ़े छह बजे भोगाजीत नगरिया से खनुआ नगला मोड़ पर अपाचे बाइक से आए तीन बदमाशों ने दोनों व्यापारियों से 49 हजार 500 रुपये और दो मोबाइल लूट लिए थे। सूचना पर एसपी देहात केके सरोज घटनास्थल पर पहुंचे थे। व्यापारी और ग्रामीणों से जानकारी की थी। पुलिस को जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया था। खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया था। अरबाज की तहरीर पर तीन अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज हुई। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही थी। सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि तीन लोग गांव खनुआ नगला मोड़ के पास सूनसान जंगल में खड़े हैं। जिनके पास अपाचे बाइक है। वह किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी की और तीन लोगों को पकड़ा। जिन्होंने अपना नाम सहसवान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पठान टोला निवासी परवेज पुत्र मुशर्रफ पठान, जरीफनगर के गांव कांकसी निवासी सर्वेश यादव पुत्र नेम सिंह और गांव समसपुर मलिक फत्ता निवासी बबलू उर्फ बलवीर यादव पुत्र भूरे बताया। तलाशी लेने पर उनके पास से तमंचा बरामद हुआ। बाइक भी व्यापारियों के साथ हुई लूट में प्रयुक्त की गई थी। पुलिस की पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि नाधा में हर सोमवार को पशुओं का बाजार लगता है। पशु व्यापारी बाजार जाते हैं। वह लोग रास्ते में व्यापारियों को शिकार बनाते हैं। आरोपी परवेज के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी आदि के मुकदमे चल रहे हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेजा। गिरफ्तारी करने वालों में थानाध्यक्ष रवि करन, उपनिरीक्षक मुकेश त्यागी, रामपाल सिंह, रजत यादव, सिपाही नरेंद्र कुमार, प्रिंस कुमार व लाखन सिंह रहे। एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि पशु व्यापारियों से लूट की घटना को अंजाम दिया गया था। खुलासे के लिए टीमें लगाई गई थीं। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और लूटे गए 14100 रुपये बरामद किए हैं।
जेल में हुई थी मुलाकात, रेकी करके घटना को देते हैं अंजाम
सोमवार को भी वह लूट की घटना को अंजाम देना चाहते थे। आरोपी परवेज ने बताया कि वह बबलू को जेल से ही जानता है। सर्वेश को उसके चाचा शेर सिंह की वजह से जानता है। जेल में शेर सिंह से मुलाकात हुई थी। 12 अगस्त की सुबह तीनों आरोपी गांव रसूलपुर कलां के पास मिले थे। सर्वेश की अपाचे बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। उन्होंने देखा कि व्यापारी नाधा की बाजार जाने के लिए वहां से गुजर रहे हैं। तो सुनसान जगह पर चेहरे को कपड़े से बांधकर खड़े हुए और व्यापारियों के आने का इंतजार करने लगे। उन्होंने बाइक सवार पशु व्यापारी अरबाज व आदिल की बाइक गिरा दी। तमंचा दिखाकर लूट की थी। लूटे गए व्यापारियों के मोबाइल ईंट से तोड़ दिए थे और खेत में फेंककर भाग गए थे। वह पहले रेकी करते हैं। मौके मिलते ही लूटपाट करते हैं।
