आतंक के खिलाफ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जम्मू-कश्मीर में रविवार को सुरक्षा बलों ने हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकी को मौत की नींद सुला दिया जबकि एक पकड़ा गया। आतंक के खिलाफ यह बड़ी सफलता सामने आई है। हिजबुल मुजाहिदीन के टाप कमांडर सैफुल्लाह के इस ऑपरेशन में मारे जाने की बात सामने आ रही है। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के …

जम्मू-कश्मीर में रविवार को सुरक्षा बलों ने हिजबुल मुजाहिदीन के एक आतंकी को मौत की नींद सुला दिया जबकि एक पकड़ा गया। आतंक के खिलाफ यह बड़ी सफलता सामने आई है। हिजबुल मुजाहिदीन के टाप कमांडर सैफुल्लाह के इस ऑपरेशन में मारे जाने की बात सामने आ रही है। जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अब तक आतंकियों को यह तो समझ में आ गया है कि उनकी किसी भी करतूत का जवाब भारतीय फौज, जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरी मुस्तैदी से देगी। पाकिस्तान में इन दिनों इमरान सरकार अपने ही घर में अपनों से घिरी हुई है।

पाकिस्तान सरकार के मंत्री ने पुलवामा हमले की जिम्मेदारी लेकर यह साफ कर दिया था कि पाक समर्थित आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान भले ही अंतर्राष्ट्रीय बिरादरी में कितना भी झूठ बोले, मगर उसकी हकीकत खुद उसके ही लोग सामने ला रहे हैं। ऐसा पहले भी कई बार हो चुका है। अब घाटी में हिजबुल आतंकी के सफाए के बाद भारत को यह बताने की जरूरत नहीं रह गई है कि पाकिस्तान के पाले-पोसे आतंकी भारत को नुकसान पहुंचाने की हमेशा कोशिश में रहते हैं। यह बात अलग है कि हमारे सुरक्षा बल उन्हें उनके इरादों में कामयाब नहीं होने देते हैं।

भारत के खिलाफ पाकिस्तान के इस अघोषित युद्ध का जवाब हमेशा से भारत देता आया है। रविवार को मारा गया आतंकी अगर हिजबुल का टॉप कमांडर है तो फिर यह निश्चित तौर पर कहा जा सकता है कि यह इस संगठन के लिए कमर टूटने जैसा ही है। हिजबुल आतंकी के इस सफाए के बाद भी पाकिस्तान भले ही यह इन्कार कर दे कि इन्हें भारत भेजे जाने के पीछे उसका कोई हाथ नहीं था, मगर अंतरराष्ट्रीय बिरादरी में इस बात को लेकर अब कोई शंका नहीं होनी चाहिए।

जैसा कि पाकिस्तान में इन दिनों माहौल चल रहा है, इसमें भी कोई दो राय नहीं कि इमरान सरकार के खिलाफ वहीं का कोई विपक्षी ही यह स्वीकारोक्ति कर दे कि हमारे प्रशिक्षित किए हुए आतंकी भारत में बिना कोई वारदात किए मौत के मुंह में धकेले जा रहे हैं, जो कि इमरान सरकार की नाकामी है। भारत के खिलाफ अब तक माहौल बनाने में पाकिस्तान हंसी का ही पात्र बना है, लिहाजा ऐसा बयान आता है तो कोई हैरानी की बात नहीं। अब देखना होगा कि हिजबुल आतंकियों के सफाए के बाद पाकिस्तान की क्या कोई प्रतिक्रिया रहती है या अथवा नहीं।