आरजी कर अस्पताल वित्तीय अनियमितता: ईडी ने तृणमलू विधायक के आवास और नर्सिंग होम से दस्तावेज किए जब्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आरजी कर अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस विधायक सुदीप्तो रॉय के आवास और नर्सिंग होम पर करीब 20 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान कई दस्तावेज जब्त किए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। 

अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने मंगलवार सुबह रॉय के सिथी स्थित आवास और निकटवर्ती नर्सिंग होम में तलाशी अभियान प्रारंभ किया था और जब वे बुधवार देर रात करीब दो बजे वहां से गए तो उनके पास ‘‘दस्तावेजों से भरा एक बक्सा’’ था। 

उन्होंने बताया, ‘‘मामले से संबंधित कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या डॉक्टर ने अस्पताल के साथ कोई वित्तीय लेन-देन या अन्य कोई लेन-देन किया था।’’ रॉय के आवास और उनके नर्सिंग होम के अलावा ईडी ने दवा डीलर के घर पर और चार अन्य स्थानों पर भी छापे मारे।

 मामले की जांच के तहत सीबीआई ने सरकारी अस्पताल के पूर्व प्राचार्य संदीप घोष और उनके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया था। आरजी कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और हत्या के बाद अस्पताल में वित्तीय अनियमितताओं की बात सामने आई थी।  

यह भी पढ़ें:-Jammu-Kashmir Election: पहले फेज का मतदान जारी, PM मोदी ने मतदाताओं से की बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील

संबंधित समाचार