हल्द्वानी: सीआरएस पोर्टल धड़ाम, नहीं बन रहे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सीआरएस पोर्टल के सर्वर में आये दिन खराबी के कारण लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। 

बुधवार को कई लोग जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नगर निगम पहुंचे थे, कई घंटों तक कतार में लगने के बाद पता चला कि सर्वर ठप हो गया है। पिछले तीन-चार दिनों से अवकाश के बाद बड़ी संख्या में लोग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन सर्वर के काम नहीं करने के कारण उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ा। सर्वर में खराबी के कारण आये दिन लोगों को परेशानी होती है।

बीते जून में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए मैनुअल व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया था। देशभर में सीआरएस पोर्टल के माध्यम से प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि पूर्व में मैनुअल व्यवस्था के तहत दो से पांच मिनट के भीतर प्रमाण पत्र बन रहा था, जब से पोर्टल शुरू हुआ है एक प्रमाण पत्र बनने में आधा घंटा लग रहा है। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि पोर्टल का सर्वर काम नहीं कर रहा है, जिससे प्रमाण पत्र बनाने में दिक्कत हो रही है।

संबंधित समाचार