लखनऊः एक अक्टूबर से शुरू होगी धान की खरीद

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में एक अक्टूबर से धान की खरीद शुरू होगी। धान की खरीद को लेकर राज्य सरकार ने तैयारी पूरी कर ली है। शासन के अधिकारियों के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक अक्टूबर से खरीद होगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। लखनऊ संभाग के जिलों में अलग-अलग तारीखों में धान खरीद होगी। अधिकारियों ने बताया कि धान किसानों का पंजीकरण कार्य बीती एक सितंबर से शुरू हो चुका है। अब तक लगभग 18 हजार किसान पंजीकरण करा चुके हैं। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में किसानों से धान बिक्री के लिए 3411 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2300 रुपए व ग्रेड ए के धान का समर्थन मूल्य 2320 रुपए प्रति कुंतल निर्धारित है। मालूम हो कि खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान उत्पादन का क्षेत्रफल 61.24 लाख हेक्टेयर है। इस साल धान का उत्पादन 265.54 लाख मीट्रिक टन होने का अनुमान लगाया गया है।

ग्राम चौपालों में चार लाख से ज्यादा समस्याएं निस्तारित

प्रदेश में ग्राम चौपालों में चार लाख से ज्यादा समस्याएं निस्तारित की गई हैं। राज्य सरकार किसानों की समस्याओं का निस्तारित पर जोर दे रही है। शासन के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश की 1507 ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया, जिनमें 4775 प्रकरणों का निस्तारण गांव पंचायतों में ही कर दिया गया। इन ग्राम चौपालों मे 4042 ब्लाक स्तरीय अधिकारी व कर्मचारी और 7207 ग्राम स्तरीय कर्मचारी शामिल हुए। इन चौपालों में लगभग 94 हजार ग्रामीण शामिल हुए।

यह भी पढ़ेः लखनऊ और प्रयागराज का होगा कायाकल्प, 3D Metaverse पर भी दिखेंगी गलियां

संबंधित समाचार