जब कानून के रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे तो कैसे सुरक्षित रहेगा आम नागरिक, ठाकुरद्वारा में युवक की मौत के बाद बवाल पर बोलीं सपा सांसद रुचि वीरा
मुरादाबाद। सपा सांसद रुचि वीरा ने मुरादाबाद की पुलिस को लेकर फिर एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने ठाकुरद्वारा में हुई घटना में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि जब कानून के रक्षक ही भक्षक बन जाएंगे तो जनता कहां और कैसे सुरक्षित रहेगी। सांसद रुचि वीरा ने यह बातें आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन करने मामले में दायर मुकदमे में अपनी जमानत कराकर लौटते वक्त पत्रकारों से बातचीत में कही।
सपा सांसद के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने लोकसभा चुनाव के दौरान उनके भड़काऊ भाषण देने पर आचार संहिता उल्लंघन करने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें जमानत के लिए सांसद शुक्रवार को एमपी-एमएलए कोर्ट में पहुंची थी। जमानत मिलने के बाद सांसद ने बाहर आते वक्त पत्रकारों से वार्ता के दौरान ठाकुरद्वारा में हुई घटना को लेकर पुलिस कार्रवाई पर टिप्पणी की। कहा कि प्रदेश में पुलिस की भूमिका जनता के प्रति सही नहीं है। पुलिस ही अगर रक्षक से भक्षक बन जाएगी तो जनता सुरक्षित कहां रहेगी।
ठाकुरद्वारा कोतवाली इलाके में हुए हंगामे और एक व्यक्ति की मौत पर सपा सांसद ने पुलिस पर नाराजगी जताई और उन्होंने इस घटना को लेकर योगी सरकार को भी घेरा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल में बिहार के छात्रों के साथ की जा रही मारपीट के मामले में कहा मुझे नहीं मालूम क्या मामला है, मुझसे तो मुरादाबाद के मामले में ही पूछ लीजिए। जम्मू कश्मीर के चुनाव में कोई जिम्मेदारी नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने खुद ही अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मांग की थी कि हमें यहीं यूपी के विधानसभा उपचुनाव की जिम्मेदारी ही दें। जहां हम भी कुछ कर सकें और वह कारगर साबित हो।
