पीलीभीत: अरे! धान खरीद में दो दिन में ही होने लगा खेल...सेंटर ही नहीं लगाए, बनाई आंदोलन की रणनीति 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की आवश्यक बैठक जिलाध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह के आवास पर सम्पन्न हुई। जिसका संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पूरनपुर पवन कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान धान खरीद को लेकर किसानों को आ रही दिक्कतों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों की धान की फसल पक कर तैयार हो गई है। सरकारी धान खरीद केन्द्र जनपद में केवल कागजों पर ही सीमित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में कही भी धान क्रय केन्द्र स्थापित नहीं किए गए हैं। खाद्यान्न विभाग के अधिकारी व जनपद की समस्त मंडी समितियों के सचिव सरकारी खरीद में रुचि नही ले रहे। सरकार की धान खरीद मंशा पर पानी फेरने का काम किया जा रहा है।  

धान खरीद से जुड़े अधिकारियों की उदासीनता के कारण जिन किसानों की धान की फसल पक कर तैयार है उन किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पा रहा। तहसील पूरनपुर व कलीनगर के राइस मिलर्स जमकर किसानों का शोषण कर रहे हैं।  किसानों का धान औने-पौने दामों पर खरीद कर कई प्रकार की किसानों से अवैध कटौतियां जैसे धर्मकांटे की तौलवाई प्लस प्रति कुंतल धान पर एक किलो धान की कटौती, नकद  भुगतान पर दो प्रतिशत अवैध कटौती शुरू हो गई है।

जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर धान किसानों की राइसमिलों पर अवैध लूट पर रोक न लगाई गई तो सड़कों पर उतर कर उग्र आन्दोलन किया जाएगा। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष पूरनपुर कुलवंत सिंह सोनी, अमरीक सिंह ,रामरतन लाल, विजेंद्र सिंह, शंकर लाल आदि मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: आखिर सरकारी दफ्तरों में कौन छलका रहा जाम...कूड़े के ढेर में बीयर केन और खाली पौवे, मसाले की पीक के निशान

संबंधित समाचार