Pakistan : जारी रहेगा इमरान खान की पार्टी का प्रदर्शन, रावलपिंडी-इस्लामाबाद में मोबाइल फोन सेवाएं बंद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस्लामाबाद।  पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ने प्रदर्शनकारी नेता अली अमीन गंडापुर के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बावजूद सरकार के खिलाफ अपना प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया है, जिससे राजधानी इस्लामाबाद में दूसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण रही। खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी ने रातभर चली बैठक में फैसला किया कि प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक पार्टी संस्थापक खान अपने समर्थकों से इसे (प्रदर्शन) समाप्त करने के लिए नहीं कहते। 

‘डॉन अखबार’ के अनुसार खान की पार्टी की राजनीतिक समिति ने यह भी फैसला किया है कि अगर अली अमीन गुंडापुर को गिरफ्तार किया जाता है तो पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम स्वाति विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे और अगर स्वाति को गिरफ्तार किया जाता है तो कमान संभालने के लिए एक नया नेता चुना जाएगा। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के संस्थापक इमरान खान ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। 

इमरान खान एक साल से अधिक समय से रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं। खान की पार्टी न्यायपालिका के साथ एकजुटता जताने और महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। राजनीतिक समिति ने गंडापुर के लापता होने की भी आलोचना की। अली अमीन गुंडापुर  देश के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के मुख्यमंत्री हैं। समिति ने चेतावनी दी कि अगर उन्हें गिरफ्तार किया गया तो इसके ‘गंभीर परिणाम’होंगे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रावलपिंडी और इस्लामाबाद में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रदर्शन के बीच जारी अशांति के बीच मोबाइल फोन सेवाएं रविवार को तीसरे दिन भी निलंबित रहीं। पंजाब पुलिस के अधिकारी पूरे शहर में विभिन्न स्थानों पर तैनात हैं। 

ये भी पढ़ें : US Election 2024 : कमला हैरिस के चुनाव अभियान में शामिल होंगे बराक ओबामा, एलन मस्क ने ट्रंप को वोट देने के लिए पंजीकरण कराने का किया आग्रह

 

संबंधित समाचार