IPL 2020: दिल्ली का दिल तोड़ मुंबई छठी बार फाइनल में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुबई। फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (51) और ईशान किशन (नाबाद 55) के शानदार अर्धशतकों तथा हार्दिक पांड्या की नाबाद 37 रन की तूफानी पारी के बाद जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के पहले क्वालीफायर में गुरूवार को एकतरफा अंदाज में 57 …

दुबई। फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (51) और ईशान किशन (नाबाद 55) के शानदार अर्धशतकों तथा हार्दिक पांड्या की नाबाद 37 रन की तूफानी पारी के बाद जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की घातक गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को आईपीएल के पहले क्वालीफायर में गुरूवार को एकतरफा अंदाज में 57 रन से पीटकर छठी बार फाइनल में जगह बना ली।

गत चैंपियन और चार बार की विजेता मुंबई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 200 रन का मजबूत स्कोर बनाया और दिल्ली को 20 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन पर रोक दिया। मुंबई ने इस तरह छठी बार फाइनल में जगह बना ली। मुंबई ने इससे पहले 2010, 2013, 2015, 2017 और 2019 में फाइनल में जगह बनायी थी।

बुमराह ने 14 रन पर चार विकेट और बोल्ट ने नौ रन पर दो विकेट झटके। बुमराह ने इसके साथ ही इस सत्र में अपने विकेटों की संख्या 27 पहुंचा दी और भुवनेश्वर कुमार का एक सत्र में सर्वाधिक 26 विकेट लेने का भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। दिल्ली के लिए इस हार के बाद पहली बार फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद अभी समाप्त नहीं हुई है। दिल्ली आठ नवम्बर को होने वाले दूसरे क्वालीफायर में सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेगी और इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 10 नवम्बर को होने वाले फाइनल में मुंबई से टक्कर लेगी।

विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम पहले चार ओवर में पृथ्वी शॉ, अजिंक्या रहाणे, शिखर धवन और कप्तान श्रेयस अय्यर को 20 रन तक गंवाने पर ही मुकाबला हार गयी थी। मार्कस स्टॉयनिस ने 65 रन बनाकर सिर्फ दिल्ली की हार का अंतर कम किया। स्टॉयनिस का इस सत्र का यह तीसरा अर्धशतक था लेकिन वह मुंबई को नहीं रोक सके। मुंबई ने दिल्ली को लीग मैचों में दोनों बार हराया था।

संबंधित समाचार