लखीमपुर खीरी : ईंट भट्ठा व्यापारी व पुत्र नामजद, चार अज्ञात पर केस दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

छेड़छाड़, मजदूरी हड़पने और महिला के ससुर का अपहरण करने का आरोप

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र की एक महिला ने बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी ब्रिक फील्ड के मालिक के पुत्र पर छेड़छाड़ करने, मजदूरी हड़पने और उसके ससुर को अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर ईंट भट्ठा मालिक, उसके पुत्र व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला ने बताया कि उसने अपने पति, सास-ससुर और अन्य 14 लोगों के साथ चार साल पहले बलरामपुर जिले के थाना तुलसीपुर क्षेत्र में स्थित पाटेश्वरी ब्रिक फील्ड पर 500 रुपये प्रति 1000 ईंट की दर से ईंट पथाई का कार्य किया था। भट्ठे के मालिक बीपी सिंह का पुत्र शराब पीकर आए दिन उसके साथ जोर जबरदस्ती व छेड़छाड़ करने लगा। इसकी शिकायत उन्होंने मालिक बीपी सिंह से की। जिस पर भड़के बीपी सिंह ने उल्टे ही उस पर चरित्रहीन होने का आरोप लगा दिया और गाली गलौज कर कुल बकाया 2.10000 रुपये दिए हुए भट्ठे से भगा दिया। उसके ससुर कई बार किराया भाड़ा खर्च कर बकाया मजदूरी मांगने गए। तब भी भट्ठा मालिक ने मजदूरी नहीं दी। एक दो माह में देने का वादा कर टालते रहे। जब इस सीजन में ईंट भट्ठा मालिक को मजदूर नहीं मिले तो वह नवंबर में उसके घर आए। पिछले बकाया मजदूरी में से 1,95,000 रुपये दे दिए। कहने लगे कि इस बार फिर काम कर दो मजदूरी का नकद भुगतान कर दिया जायेगा। 15 नवंबर तक चले आना, यह कहकर वापस चले गए। विश्वास न होने पर वह लोग इस बार काम करने नहीं गये। तो आरोपी ईंट भट्ठा मालिक ने घर से उठा कर ले जाने की धमकियां दीं। 01 दिसंबर 22 को पुलिस ने उसके ससुर और विपक्षी का थाने पर बुलया। पुलिस ने ससुर को डरा धमका कर एक माह में पैसा लौटाने का जबरन सुलहनामा लिखवा लिया। पहली जनवरी 2023 को आरोपी शाम करीब आठ बजे तीन चार व्यक्तियों को साथ लेकर उसके घर पर आ धमके। ससुर को थाने लेकर चलने का बहाना बना कर उठा ले गए। उसके ससुर का कोई पता नहीं चल रहा है। 

जानिए क्या बोली पुलिस
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धौरहरा सुरेश कुमार मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर ईंट भट्ठा मालिक, उसके पुत्र और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ छेड़छाड़, और अपहरण आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस छानबीन कर रही है।

संबंधित समाचार