बरेली : अदब के साथ जुलूस में शामिल हों अंजुमन, हुड़दंग बर्दाश्त नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन बोले अदब के साथ आठ अंजुमन ही काफी

बरेली, अमृत विचार। गौस पाक की याद में मंगलवार को सैलानी के रजा चौक से जुलूस-ए-गौसिया निकाला जाएगा। जुलूस बिना डीजे और हुड़दंग से निकाला जाएगा ताकि बीमारों और राहगीरों को कोई दिक्कत न हो।

जुलूस के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि दरगाह आला हजरत प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) की सरपरस्ती और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) की कयादत में निकलने वाले जुलूस की तैयारियों के संबंध में रविवार को दरगाह आला हजरत पर बैठक हुई। इसमें सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि इस साल जुलूस अपने तय समय से पहले दोपहर 2 बजे शुरू कर दिया जाएगा। किसी भी अंजुमन को जुलूस में डीजे लाने और डीजे के नाम पर हुड़दंग करने की इजाजत नहीं होगी। जुलूस में हमें 80 अंजुमनों और हजारों की भीड़ की जरूरत नहीं बल्कि अदब के दायरे में आठ अंजुमने और चंद लोग हों वही काफी है।

उन्होंने कहा कि डीजे के शोर से बीमारों और राहगीरों को दिक्कत होती है। डीजे का इस्लाम से कोई ताल्लुक नहीं। जुलूस का मकसद खुद को खुश करना नहीं बल्कि जिस अजीम हस्ती की याद में निकाल रहे हैं उनको राजी करना है। अंजुमन गौस-ओ-रजा (टीटीएस) के सदर हाजी शारिक नूरी और सचिव अजमल नूरी कहा कि जो अंजुमन डीजे के साथ शामिल होगी उसकी जिम्मेदारी उसकी खुद की होगी। बिना डीजे वाली अंजुमनें सैलानी रजा चौक पर 2 बजे से पहले पहुंच जाएं। मुस्तफा नूरी, परवेज नूरी, शाहिद खान नूरी ने नगर निगम से जुलूस के रास्तों को ठीक कराकर साफ-सफाई के अलावा खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट सही कराने की मांग की। टीटीएस के जिला अध्यक्ष मंजूर रजा खान, महानगर अध्यक्ष नफीस खान, इशरत नूरी, मोहसिन रजा मुस्तफा नूरी, एडवोकेट काशिफ रजा आदि ने भी विचार रखे। बैठक में मुख्य रूप से अफजालउद्दीन, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी, वामिक रजा, तनवीर तहसीनी, जमाल खान, गौहर खान,आसिफ रजा, आलेनबी, काशिफ सुब्हानी, साजिद नूरी, मुजाहिद बेग, सय्यद माजिद, युनुस गद्दी, सबलू अल्वी,आरिफ नूरी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार