हल्द्वानी: शिक्षा में ठेका प्रथा को बढ़ावा दे रही है भाजपा- दीपक बल्यूटिया
अमृत विचार, हल्द्वानी। कांग्रेस ने आरटीई एक्ट (शिक्षा का अधिकार अधिनियम) और तकनीकी शिक्षा में ठेका प्रथा को बढ़ाने और कमजोर वर्ग के बच्चों का अभी तक एडमिशन नहीं कराने पर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने शुक्रवार को नैनीताल रोड स्थित हुई प्रेस वार्ता में कहा …
अमृत विचार, हल्द्वानी। कांग्रेस ने आरटीई एक्ट (शिक्षा का अधिकार अधिनियम) और तकनीकी शिक्षा में ठेका प्रथा को बढ़ाने और कमजोर वर्ग के बच्चों का अभी तक एडमिशन नहीं कराने पर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने शुक्रवार को नैनीताल रोड स्थित हुई प्रेस वार्ता में कहा कि आरटीई में कमजोर वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश दिया जाता है। इनकी फीस सरकार देती है।
आम तौर पर इन बच्चों की लिस्ट खंड शिक्षा अधिकारी बनाता था इससे पात्र बच्चों को आरटीई का लाभ मिलता था और पारदर्शिता बनी रहती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब त्रिवेंद्र सरकार ने आरटीई में बच्चों का एडमिशन कराने का जिम्मा एक निजी कंपनी इंडस एक्शन को सौंप दिया है। इससे आरटीई एक्ट में ठेका प्रथा को बढ़ावा मिला है। वहीं इस कंपनी ने एडमिशन के लिए बच्चों के ऑनलाइन आवेदन मांगे। इसमें भी भारी अनियमितताएं हैं।
भीमताल, नैनीताल, भवाली और कोटाबाग के रहने वाले बच्चों को हल्द्वानी के निजी स्कूलों में सीट आवंटित कर दी। जिससे कमजोर वर्ग के बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह स्कूलों में तकनीकी विषयों के लिए भी कंपनी से अनुबंध किया है। इससे शिक्षा में ठेका प्रथा बढ़ रही है।
बल्यूटिया ने कहा कि सरकार ने अगस्त में एक आदेश जारी कर कहा था कि जब तक स्कूल नहीं खुल जाएंगे तब तक आरटीई एक्ट के तहत एक भी एडमिशन नहीं होगा। नवंबर का पहला हफ्ता बीत चुका है पर अभी तक स्पष्ट नहीं है कि निजी स्कूल कब खुलेंगे। ऐसे में इन बच्चों का कब एडमिशन होगा और कब पढ़ाई शुरू होगी इसको लेकर भी संशय के बादल है।
इससे इन बच्चों का भविष्य भी संकट में है। बल्यूटिया ने कहा कि सरकार ने कमजोर वर्ग के बच्चों के स्कूल यूनिफार्म, किताबें आदि को लेकर भी प्रबंधन नहीं किया है जो कि पूरी तरह सरकार की हीला हवाली दर्शाता है। ऐसी सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। यह पूरी तरह से शिक्षा के साथ मजाक है इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस सरकार के इस अनीति के विरोध में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करेगी।
