बरेली: धान खरीद में अनियमितता पर केंद्र प्रभारी निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। धान खरीद की शासन स्तर पर रोज समीक्षा हो रही है। अधिकारी भी केंद्रों पर दौड़ रहे हैं। इसके बावजूद क्रय केंद्रों पर धान खरीद में जमकर अनियमितताएं की जा रही हैं। कई प्रभारी केंद्र नहीं खोल रहे हैं। कहीं नमी मापक यंत्र खराब है तो कहीं कांटा। कई अन्य बहाने बनाकर भी …

बरेली,अमृत विचार। धान खरीद की शासन स्तर पर रोज समीक्षा हो रही है। अधिकारी भी केंद्रों पर दौड़ रहे हैं। इसके बावजूद क्रय केंद्रों पर धान खरीद में जमकर अनियमितताएं की जा रही हैं। कई प्रभारी केंद्र नहीं खोल रहे हैं। कहीं नमी मापक यंत्र खराब है तो कहीं कांटा। कई अन्य बहाने बनाकर भी केंद्र प्रभारी किसानों से धान नहीं खरीद रहे हैं। तहसील सदर क्षेत्र स्थित खाद्य विभाग के कई केंद्रों का नायब तहसीलदार ने निरीक्षण किया। जिसमें केंद्रों पर कई गड़बड़ियां मिलीं।

गोपालपुर नगरिया का केंद्र बंद मिला। आसपास के लोगों से पूछने पर मालूम हुआ कि यह केंद्र कई दिनों से बंद चल रहा है। किसान धान बेचने के लिये परेशान हो रहे हैं। इसे बड़ी लापरवाही मानते हुये केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। नायब तहसीलदार की रिपोर्ट पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने केंद्र प्रभारी अनूप को निलंबित कर दिया। नरियावल मंडी के केंद्र प्रभारी मधु कुमारी को नगरिया केंद्र का चार्ज देने के निर्देश दिया, लेकिन निलंबित केंद्र प्रभारी ने अभी तक अपना चार्ज नहीं छोड़ा है।

उपरोक्त प्रकरण सहित पांच केंद्रों के निरीक्षण की रिपोर्ट तहसीलदार सदर आशुतोष गुप्ता ने जिला खरीद अधिकारी वीके सिंह को भेज दी है। जो भी अधिकारी अब क्रय केंद्र का निरीक्षण करने जा रहा है, उसे 19 बिंदुओं पर निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होती है। 19 बिंदुओं के प्रोफार्मा भरकर अपनी आख्या सहित रिपोर्ट जिला खरीद अधिकारी को भेजनी पड़ती है।

मनमानी रोक नहीं पा रहे तहसीलदार, नायब तहसीलदार
क्रय केंद्रों पर मनमानी रोकने और किसानों के धान की खरीद कराने के लिये तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की भी ड्यूटी लगायी है। सभी अधिकारियों को निगरानी करने के लिये क्रय केंद्र भी आवंटित किये गये हैं, लेकिन अधिकारी क्रय केंद्रों की निगरानी में लापरवाही बरत रहे हैं। इस वजह केंद्रों पर प्रभारी मनमानी कर रहे हैं।

संबंधित समाचार