मुरादाबाद : गला काटकर महिला की हत्या, नदी किनारे मिला शव....पड़ताल के दौरान बच्चे का भी शव बरामद
मुरादाबाद । कटघर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। गुरुवार को महिला का शव देवापुर के जंगल में कल्याणपुर जाने वाले चकरोड पर रामगंगा नदी के पास पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू की तो शव से लगभग 25-30 मीटर दूर सिर बरामद हुआ। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और जिलों को फोटो और हुलिया भेजकर पहचान करने में जुट गई है।
थाना कटघर क्षेत्र में गांव देवापुर के जंगल में खेतों पर जा रहे ग्रामीणों को दुर्गंध आई तो कुछ ग्रामीण नदी किनारे देखने चले गए। वहां झाड़ियों के पास महिला का सिर कटा शव पर पड़ा मिला। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना कटघर थाना पुलिस को दी। थाना कटघर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार और पीतलबस्ती चौकी प्रभारी मनोज कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। थोड़ी देर में ही सीओ कटघर आशीष प्रताप सिंह भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने शव के पास जाकर देखा तो बुरी तरह दुर्गंध आ रही थी। पास जाकर देखा तो महिला का शव क्षतविक्षत हालत में पड़ा मिला और उसका सिर गायब था। बाद में फोरेंसिक विभाग की फील्ड यूनिट बुलाकर घटना स्थल और आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
कुछ ही देर बाद शव से लगभग 25-30 मीटर दूर महिला का सिर बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार शव लगभग 6 से 7 दिन पुराना होने के कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं हो सका। जो सिर मिला है उसे देख कर लग रहा है कि हत्या करने के बाद सिर को जलाने का प्रयास किया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई पहचान नहीं सका। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला की उम्र 30 से 35 साल के बीच की हो सकती है। उसके शव की फोटो खींच कर आसपास के थानों और जिलों के पुलिस को भेजा जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी फोटो और हुलिया डाल कर शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त होने के बाद ही हत्या का कारण और हत्यारोपी की जानकारी हो पाएगी।
पड़ताल के दौरान मिली बच्चे की लाश
गुरुवार को कटघर थाना क्षेत्र की रामगंगा नदी के किनारे मिला महिला का सिर कटा शव मिलने के बाद कटघर पुलिस फोरेंसिक विभाग की फील्ड यूनिट बुलाकर जहां शव मिला था उसके आसपास सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। थोड़ी देर बाद ही महिला के शव से लगभग 200 मीटर दूर कल्याणपुर बाईपास पुल के पास एक बच्चे का शव बरामद हुआ। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। बच्चे की उम्र 7 से 9 वर्ष के बीच है। वह केवल अंडरवियर पहने था। इससे आशंका जताई जा रही है कि बच्चा नहाते समय नदी में डूब गया होगा और बह कर वहां पहुंच गया। फिलहाल बच्चे की भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस उसका भी शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। पुलिस का कहना है कि बच्चे का चेहरा स्पष्ट है, इसलिए उसकी पहचान होने की पूरी संभावना है।
ये भी पढ़ें : सीमा हत्याकांड : महिला की हत्या करने वाला देवरानी का प्रेमी भी गिरफ्तार, पकड़े जाने के डर से की थी जेठानी की हत्या
