हल्द्वानी: शोर मचाने से रोकने पर किया पथराव, दो छात्र और दुकानदार गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना क्षेत्र स्थित अरविंद डेरी पर पथराव करने वाले तीन शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।जबकि दो नाबालिगों की तलाश जारी है। गिरफ्त में आये आरोपियों ने रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि सिर्फ इसलिए पथराव किया था कि उन्हें घर के बाहर शोर मचाने से टोका गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 

रेशमबाग गैस गोदाम रोड मुखानी निवासी ज्योति अवस्थी घर के भूतल पर अरविंद डेरी के नाम से दुकान चलाती हैं। वह अखिल एकता उद्योग व्यापार मंडल की प्रदेश महामंत्री हैं। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि ज्योति की दुकान में रविवार व सोमवार की रात करीब ढाई बजे कुछ लड़कों ने पथराव कर दिया था।

मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने महज पांच घंटे में ही सीसीटीवी फुटेज की मदद से न सिर्फ पथराव करने वालों की पहचान की, बल्कि उन्हें पकड़ भी लिया। आरोपियों में मुकेश अग्रवाल कमलुवागांजा में मोबाइल की दुकान चलाता है। जबकि धौलाघट सोमेश्वर अल्मोड़ा निवासी अक्षत क्वीरा और सुमित बिष्ट निजी कॉलेज में स्नातक के छात्र हैं। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि फरार दो नाबालिगों की तलाश की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना की रात वह ज्योति के घर के बाहर खड़े होकर शोर-शराबा कर रहे थे। जब ज्योति ने उन्हें टोंका तो गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने पथराव कर दिया। पुलिस टीम में मुखानी थानाध्यक्ष विजय मेहता, आरटीओ चौकी प्रभारी बलवंत सिंह काम्बोज, एएसआई सुमित कुंवर, सिपाही रविंद्र खाती और सुनील आगरी शामिल थे।

यह भी पढ़ें - हल्दूचौड़: बैठक में हुई फायरिंग, बाल-बाल बचे ग्रामीण

संबंधित समाचार