Farrukhabad: माता प्रसाद पांडे ने विधानसभा उपचुनाव में इंडिया समूह के जीतने का किया दावा, भाजपा पर जमकर साधा निशाना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे ने दावा किया कि नौ सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव में इंडिया समूह जीतेगी। माता प्रसाद पांडे ने शनिवार दोपहर बाद फर्रुखाबाद जिला सपा कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए दावा किया कि उपचुनाव में इंडिया समूह के पक्ष में सभी परिणाम आयेंगे। 

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी इंडिया समूह में शामिल समाजवादी पार्टी ने अपना परचम लहराया। राज्य में हो रहे विधानसभा उपचुनाव मे इंडिया समूह की भूमिका पर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सपा ने कांग्रेस को दो सीटें विधानसभा उपचुनाव में लड़ने के लिए दी पर कांग्रेस ने चुनाव नहीं लड़ा। 

यह पूछे जाने पर कि सपा गुंडों को शरण दे रही है तो नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि सत्तारूढ़ भाजपा में गुंडे पाए जाते पर सपा में कोई गुंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि महंगाई पूरे देश, प्रदेश में आसमान छू रही है और इससे जनता त्राहि त्राहि कर रही है। 

किसानों को खाद नहीं मिल रही और उनकी फसलों का उचित मूल्य भी नहीं मिल रहा है। इस अवसर सपा जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा, मीडिया प्रभारी विवेक यादव आदि सपा पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ें- कानपुर बार एसोसिएशन चुनाव के नतीजे घोषित: इंदीवर बाजपेई ने अध्यक्ष पद पर मारी बाजी, अमित सिंह बने महामंत्री

 

संबंधित समाचार