बरेली: पराली से ज्यादा जल रहे कूड़े के ढेर, हवा हो रही प्रदूषित
बरेली, अमृत विचार। मौसम में बदलाव तेजी से हो रहा है। सुबह-शाम आसमान में धुंध छा रही है। हवा भी प्रदूषित हो रही है। इससे लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। इसके पीछे खेतों में जल रही पराली और कूड़े के ढेर को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। अफसरों की लापरवाही से नवंबर माह …
बरेली, अमृत विचार। मौसम में बदलाव तेजी से हो रहा है। सुबह-शाम आसमान में धुंध छा रही है। हवा भी प्रदूषित हो रही है। इससे लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। इसके पीछे खेतों में जल रही पराली और कूड़े के ढेर को भी जिम्मेदार माना जा रहा है। अफसरों की लापरवाही से नवंबर माह में पराली और कूड़े के ढेर जलने के मामले तेजी से बढ़े हैं।
1 अक्टूबर से लेकर अब तक पराली जलाने की 16 तो कूड़े के ढेर की 20 घटनाएं सामने आयी हैं। यह घटनाएं भी हवा में जहर घोल रही हैं। जिला प्रशासन फसल अवशेष और कूड़ा जलाने के मामलों पर रोक लगाने में विफल साबित हो रहा है। सभी घटनाएं सेटेलाइट के जरिये कैद की गयी हैं।
हालांकि, घटनाओं पर 13 लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी है। इसमें लेखपाल उवैश खां को निलंबित करने की संस्तुति की गयी है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय की ओर से 7 नवंबर को शासन को भेजी गयी रिपोर्ट में बताया गया कि कंबाइन हार्वेस्टर से धान की कटाई के दौरान छोड़ी गयी पराली खेतों में जलायी गयी है। इसके 16 मामले हैं। कूड़ा जलाने के 20 मामले भी प्रकाश में आए हैं। आग जलाने से संबंधित छह अन्य घटनाएं भी सेटेलाइट से ही कैद की गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पराली जलाने की घटनाएं होने पर लेखपाल योगेश कुमार, अमित वर्मा, सुरेंद्र यादव, नन्हे लाल, महेंद्र पाल, कृपाल सिंह को चेतावनी दी गयी है। लेखपाल पिंकी, प्रवेश बाबू, नेहा, अवनीश कुमार, कुलदीप, परशुराम, आशीष राघव के विरुद्ध आरोप पत्र जारी किया गया है।
पराली जलाने पर एक लाख रुपये वसूले
तहसील सदर क्षेत्र में पराली जलाने के मामलों पर तहसीलदार सदर आशुतोष गुप्ता ने किसानों पर जुर्माना लगाया है। करीब एक लाख रुपये वसूले गए हैं लेकिन यह धनराशि कहां जमा रहे, इसे लेकर अधिकारी परेशान हैं। तहसीलदार सदर ने कृषि विभाग को पत्र लिखा कि एक लाख रुपए से अधिक की जुर्माना वसूली तहसील में की गयी है। इसे किस खाते में जमा कराया जाए, कृपया अवगत करायें। वहीं, अन्य तहसीलों में भी किसानों पर 52500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
