पीलीभीत: फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, 15 दिन पहले गई थी बेटे की जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मायके वालों ने हत्या की जताई आशंका, ससुराल पक्ष पर लगाए आरोप 

पीलीभीत, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में ससुराल में विवाहिता की मौत हो गई। उसका शव कमरे में दुपट्टे से बने फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना मिलने पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया। कोतवाली पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची और मौका मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस पड़ताल कर रही है। घटना के चलते मौके पर भीड़ जमा रही।

बताते हैं कि शहर के मोहल्ला खकरा के रहने वाले प्रेमचंद मजदूरी करते हैं। उनकी शादी करीब दस साल पहले जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम पट्टी की रहने वाली शालिनी उर्फ शालू (30) से हुई थी। रविवार को भैयादूज पर्व पर उनकी बहन सावित्री देवी भी मायके आई हुईं थीं। घर पर परिवार वाले नीचे के हिस्से में बैठे कामकाज कर रहे थे। ससुरालियों के अनुसार दोपहर दो बजे के बाद काफी देर बाद भी शालिनी ऊपरी मंजिल पर बने कमरे से बाहर नहीं आईं तो ननद सावित्री उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंची। जब वह कमरे में पहुंची तो शालिनी का शव फंदे से लटका मिला। ये देख उसके होश उड़ गए। परिवार में चीख पुकार मच गई। आसपास के तमाम लोग जमा हो गए।  इसकी जानकारी विवाहिता के मायके वालों को दी गई। शाम को विवाहिता के मायके वाले भी ससुराल आ गए।  इसके बाद उन्होंने प्रताड़ित करने की बात कहते हुए ससुरालियों पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया।  इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जानकारी की। मायके वालों ने पुलिस से भी हत्या की आशंका जाहिर करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने निष्पक्ष का आश्वासन देकर शांत कराया।  जबकि ससुरासलियों ने विवाहिता के फंदा लगाकर खुदकुशी करने की बात कही।  फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने भी मौका मुआयना कर जानकारी की।

19 अक्टूबर को हुई थी बेटे की मौत
ससुरालियों के अनुसार मृतक शालिनी के दो बच्चे थे। आठ साल के बेटे यश की हाल ही में 19 अक्टूबर को बीमारी के चलते मौत हो गई थी।  इसके बाद से वह खासा परेशान चल रही थी।  इधर, अब उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा रहा।

पुलिस को नहीं मिली फिलहाल कोई तहरीर
 कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। मायके वालों ने मौखिक तौर पर आरोप लगाया है। मगर अभी किसी तरह की तहरीर नहीं दी है। मामले की जांच कराई जा रही है। 

संबंधित समाचार