Unnao Crime: खेत में नरकंकाल मिलने से फैली सनसनी...फोरेंसिक टीम ने जांच कर एकत्र किए साक्ष्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। सोहरामऊ थानांतर्गत मकदूमपुर गांव में एक फार्म हाउस में धान कटाई के दौरान नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई और कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। 

बता दें कि मकदूमपुर गांव के बाहर एक 16 बीघे का फार्म हाउस है। जिसे नवाबगंज कस्बा के दुर्गागंज मोहल्ला निवासी मो. शमी पुत्र स्व. बक़रीदी व उसके बेटे मो. सैफ ने ठेके पर लेकर धान की फसल लगाई थी। शुक्रवार को धान कटाई के दौरान मशीन चालक को खेत में बाउंड्री किनारे एक नर कंकाल दिखा। इसकी जानकारी उसने ठेकेदार को दी।

सूचना पर अजगैन कोतवाली पुलिस पहुंची लेकिन, घटनास्थल क्षेत्र से बाहर होने पर वापस लौट गई। बाद में सोहरामऊ पुलिस ने जांच के बाद फोरेंसिंक टीम बुलाई। गहनता से जांच के बाद साक्ष्य संकलित कर कंकाल को पुलिस ने कब्जे में लिया।

एसओ शरद कुमार ने बताया कि खेत के ठेकेदार से जानकारी करने पर पता चला कि फार्म हाउस शकुन सिंह का है। बताया कि शव पुरुष का है। उसने दो टीशर्ट व दो लोवर में एक हाफ व एक फुल पहन रखा है। पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। 

 

संबंधित समाचार