बरेली: भाजपा ने डा. ढिल्लों को बनाया एमएलसी प्रत्याशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन विधान परिषद सदस्य के लिए भाजपा ने सोमवार को सूची जारी कर दी। काफी दिनों से खुद को भाजपा प्रत्याशी मानकर चुनाव प्रचार में जुटे डा. हरि सिंह ढिल्लों पर पार्टी ने भरोसा जताया है। पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने उन्हें …

बरेली,अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन विधान परिषद सदस्य के लिए भाजपा ने सोमवार को सूची जारी कर दी। काफी दिनों से खुद को भाजपा प्रत्याशी मानकर चुनाव प्रचार में जुटे डा. हरि सिंह ढिल्लों पर पार्टी ने भरोसा जताया है। पार्टी की तरफ से राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने उन्हें प्रत्याशी बनाने की सूचना दे दी है। वह मंगलवार को नामांकन करेंगे।

कई दिनों से भाजपा प्रत्याशी को लेकर चल रही अटकलों पर पार्टी नेतृत्व ने विराम लगा दिया है। अमरोहा निवासी पूर्व विधान परिषद सदस्य ढिल्लों को पार्टी ने मैदान में उतारा है। वह रालोद कोटे से मनोनीत विधान परिषद के सदस्य रहते हुए भाजपा के डा. नेपाल सिंह के खिलाफ स्नातक एमएलसी का चुनाव लड़े थे। उस समय रालोद का बड़ा चेहरा और वोटरों पर मजबूत पकड़ होने के कारण कड़ी टक्कर दी थी। डा. नेपाल सिंह तीसरे वरीयता के मतों की गिनती में जीत सके थे।

राष्ट्रीय लोकदल से राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले डा. ढिल्लों ने एक बार फिर से डा. नेपाल सिंह के लोकसभा सदस्य चुने जाने के कारण रिक्त हुई सीट पर हुए उपचुनाव में किस्मत आजमाई थी पर बरेली-मुरादाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद के चुनावी समर में भाजपा के जयपाल सिंह व्यस्त ने जीत दर्ज की थी जबकि डा. ढिल्लो दूसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद वह रालोद का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।

इसके कारण भाजपा के रणनीतिकारों ने उन्होंने बहुत पहले इशारा कर दिया था कि क्षेत्र जाना पहचाना है, शिक्षक एमएलसी की तैयारी करें लेकिन कई बार अन्य दावेदारों को लगा कि स्नातक निर्वाचन के एमएलसी मुरादाबाद के हैं तो बरेली से शिक्षक एमएलसी के प्रत्याशी की दावेदारी पर पार्टी गंभीरता से विचार करेगी लेकिन चुनाव में पहली बार कदम रखने वाली भाजपा को राजनीति के सधे खिलाड़ी की तलाश थी। पार्टी के मापदंडों पर डा. ढिल्लों खरा पाए जाने पर उनके नाम पर शीर्ष नेतृत्व ने मुहर लगा दी। वह इस क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ने का अनुभव रखते हैं।

डा. विनय खंडेलवाल का नामांकन कल
भाजपा से टिकट की दावेदारी करने वाले डा. विनय खंडेलवाल मंगलवार को निर्दलीय पर्चा भरेंगे। बरेली निवासी डा. खंडेलवाल केसीएमटी संस्था के कार्यकारी निदेशक हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने क्षेत्र में काफी मेहनत की है। सभी जनपदों का दौरा किया है। टिकट न मिलने से उनके ऊपर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। बोले कि शिक्षकों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। चुनाव प्रबुद्ध वर्ग का है। लोग अपनी समझ से प्रत्याशी चुनते हैं।

संबंधित समाचार