आईआईटी अकाउंटेंट के बेटे पर फेक ज्वलनशील पदार्थ...झुलसा, निजी अस्पताल में मासूम का चल रहा इलाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। बैडमिंटन खेलने के लिए घर से निकले आईआईटी अकाउंटेंट के बेटे को पीट एक किशोर उसका बैडमिंटन छीनकर भाग निकला। पीछा करने पर किशोर ने मासूम के ऊपर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया।

जिससे बुरी तरह झुलसा मासूम गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मासूम को सर्वोदय नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

नकारी निवासी वीरेंद्र कुमार आईआईटी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनका 11 वर्षीय बेटा आयुष कक्षा सात का छात्र व बैडमिंटन का अच्छा खिलाड़ी है।

रविवार शाम आयुष रोजाना की तरह आईआईटी के बैडमिंटन कोर्ट में प्रैक्टिस के लिए घर से निकला था। अभी वह चंदेल गेट के पास पहुंचा ही था कि वहां मौजूद एक किशोर ने उसकी साइकिल पर लात मारकर उसे जमीन पर गिरा दिया।

इससे पहले कि आरुष कुछ समझ पाता, किशोर उसका बैडमिंटन छीन कर भागने लगा। कुछ दूर तक पीछा करने पर भड़के किशोर ने आरुष के दाएं हाथ पर एक ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। जिससे आयुष बुरी तरह झुलस कर सड़क पर गिर पड़ा।

इलाकाई लोगों की मदद से परिजन उसे पास के अस्पताल ले गए। जहां से उसे सर्वोदय नगर के प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार